July 15, 2024

असत्य पर सत्य की हुई विजय, जगह-जगह हुआ दशानन पुतलों का दहन

कोरबा। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व मंगलवार को जिले भर में उल्लास से मनाया गया। शहर के आरपी नगर दशहरा मैदान व लाल मैदान सहित विभिन्न स्थानों में सतरंगी आतिशबाजी के साथ पुतला दहन का नजारा देखने लोगों की भारी भीड़ रही। रामचंद्र की जयकारा मैदान में लगता रहा और असत्य का प्रतीक रावण धू-धू कर जलता रहा।
नवरात्र के दसवें दिन विजयादशमी पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया। शाम से ही शहर के विभिन्न दशहरा मैदानों में लोगों की भीड़ शुरू हो गई थी। मैदानों में मेले जैसा वातावरण बना हुआ था। रावण दहन के लिए समय पहले से ही तय कर दिया गया था। आरपी नगर फेस-वन में रावण दहन का नजारा देखने सबसे अधिक भीड़ रही। पुतला दहन के पूर्व आतिशबाजी का आयोजन किया गया। आसमान में रंग बिरंगे पटाखे छोड़े गए। सतरंगी छटा बिखेरने वाली आतिशबाजी का नजारा देखने के लिए लोगों की नजरें आसमान की ओर टिकी रही। दशानन दहन के आयोजन में शामिल होने के लिए शहरी क्षेत्र के अलावा दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्र से भी लोग पहुंचे हुए थे। पुराना बस स्टैंड में रावण दहन का नजारा देखने सैकड़ों की तादाद में लोगों की भीड़ रही। शहर में जगह-जगह रावण दहन आयोजन होने के कारण सडक़ों पर लोगों की भीड़ रही। पुराना बस स्टैंड के पश्चात मुड़ापार में रावण दहन का आयोजन किया गया है। बाजार स्थल में निर्मित रावण दहन के आयोजन को देखने के लिए पूरे मैदान में खासी भीड़ रही। दहाड़ते व तलवार चलाते रावण पुतला ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। रावण दहन के पूर्व जय श्रीराम व राजा रामचंद्र की जय का जयकारा लगाया जाता रहा। लाल मैदान का रावण दहन देखने के लिए हजारों की तादाद में लोगों की भीड़ रही है। कोरबा उपनगरीय क्षेत्र की अपेक्षा पाली पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में सुबह से ही आसमान में बदली सुबह से छाई रही। शहरी क्षेत्र के अलावा उपनगरीय क्षेत्र हरदीबाजार, छुरी, कुसमुंडा, बांकीमोंगरा, कटघोरा, पाली, चैतमा, कतरला, मोरगा, बालको, पोड़ी-उपरोड़ा, नोनबिर्रा, बरपाली, करतला आदि स्थानों में दशानन दहन का आयोजन किया गया। दशहरा उत्सव के अवसर पर विभिन्न स्थानों में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आदर्श आचार संहिता लागू होने के चलते कार्यक्रम संक्षिप्त रहा। लाल मैदान रावण के पश्चात लोकरंजनी सोनहारात की प्रस्तुति दी गई। छुरी में कर्मा दल के साथ राम लक्ष्मण हनुमान की झांकी निकाली गई। उपनगरीय क्षेत्रों में भी विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया था।

Spread the word