July 7, 2024

पति की लंबी उम्र एवं सुखद गृहस्थ के लिए सुहागिन रखेंगी करवा चौथ का व्रत

0 बाजार में छाई रौनक, जमकर हो रही खरीदारी
कोरबा। पति की लंबी उम्र एवं सुखद गृहस्थ जीवन के लिए सुहागिन महिलाएं कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को प्रत्येक वर्ष करवा-चौथ का व्रत रखती हैं। इस वर्ष 1 नवंबर बुधवार के दिन यह व्रत ग्रह-गोचरों व दिनमान के अद्भुत संयोग में मनायी जाएगी। करवा चौथ को लेकर बाजार में जमकर रौनक देखने को मिल रही है।
चतुर्थी माता (करवा माता) और गणेश जी को समर्पित इस तिथि को अपने पति के प्रति समर्पित होकर सुहागन महिलाएं यह व्रत व उपवास उनके दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य तथा जन्म-जन्मांतर तक उन्हें पुन: पति रूप में प्राप्त करने हेतु मंगल कामना करती हैं। इस पर्व पर सुहागिन महिलाओं को करवा से चंद्रमा को अर्ध्य देने, चलनी से चंद्रमा के साथ जीवनसाथी को देखने की अनूठी परंपरा है। यह व्रत जीवन साथी के सौभाग्य और अच्छी सेहत की कामना के साथ किया जाता है। इस दिन चौथ माता की पूजा होती है। जो महिलाएं ये व्रत करती हैं, वे दिनभर पानी भी नहीं पीती हैं। ये निर्जला व्रत है। कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को करवा चौथ कहते हैं। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस चतुर्थी की रात चौथ माता की पूजा की जाती है और चंद्र उदय के बाद चंद्रदेव को अर्घ्य दिया जाता है, पूजा की जाती है। इस पूजा के बाद ही महिलाएं खाना-पानी ग्रहण करती हैं। जो महिलाएं ये व्रत करती हैं, उनके लिए करवा चौथ माता की कथा पढऩा और सुनना जरूरी है।

Spread the word