October 6, 2024

फसल को चौपट करने के साथ हाथी ने किया चौखट क्षतिग्रस्त

कोरबा। कटघोरा वनमंडल के पसान, एतमानगर व केंदई रेंज में हाथियों का उत्पात लगातार बना हुआ है। यहां के जंगलों में बड़ी संख्या में हाथी विचरण कर रहे हैं। इनमें से एक लोनर हाथी ने बीती रात पसान रेंज के सेमरहा गांव में उत्पात मचाते हुए एक ग्रामीण के चौखट को क्षतिग्रस्त कर दिया। लोनर के उत्पात से पीड़ित ग्रामीण के शोर मचाए जाने पर गांव के अन्य लोग जागे और मशाल, टार्च जलाकर व बाजा बजाकर लोनर हाथी को खदेड़ा। ग्रामीणों के खदेड़े जाने पर लोनर ने जंगल का रूख किया।

इससे पहले यह हाथी खेतों में पहुंच गया था। वहां आधा दर्जन ग्रामीणों की धान व अरहर की फसल को तहस-नहस कर दिया। ग्रामीणों के सूचना दिए जाने पर वन विभाग का अमला सुबह मौके पर पहुंचा। लोनर के रात में किए गए नुकसानी आकलन करने के साथ ही अपनी रिपोर्ट तैयार की। अमला लोनर की निगरानी भी कर रहा है। बताया जाता है कि केंदई रेंज के सिरमिना सर्किल में एक लोनर सहित 7 अन्य हाथियों का दल विचरण कर रहा है। यह दल अभी शांत है। वहीं एतमानगर रेंज के रिंगनिया क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में हाथियों के विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग हाथियों की लगातार निगरानी कर रहा है। इसके लिए वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बावजूद इसके हाथी खेतों व बस्ती में पहुंच नुकसान पहुंचा रहे हैं।

Spread the word