March 5, 2026

सड़ी-गली अवस्था में मिला ग्रामीण का शव, जांच में जुटी पुलिस

-विनोद उपाध्याय
कोरबा (हरदीबाजार)।
एक व्यक्ति की सड़ी-गली हालत में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
हरदीबाजार थाना अंतर्गत मंगलवार की सुबह एसव्ही पावर प्लांट के बाउंड्री से लगे मेन रोड समीप आने-जाने वाले लोगों ने एक व्यक्ति की सड़ी-गली अवस्था में लाश देखी। ग्राम नेवसा के कोटवार को सूचना मिलते ही घटनास्थल पहुंचा। उसने इसकी सूचना हरदीबाजार थाना में दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई। मृतक की शिनाख्त ग्राम हरदीबाजार के आश्रित मोहल्ला भाटापारा निवासी सुखलाल धनवार पिता चैतराम धनवार (55) के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि वह लघुशंका के लिए बैठा था कि हार्ट अटैक आने से उसकी मौत हुई होगी। मृतक के परिजनों ने बताया कि उसे करीब एक सप्ताह पहले हरदीबाजार के आसपास देखा था। सुखलाल की दो पुत्री हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। वह अकेले रहता था और लाठी के सहारे इधर-उधर घूमता था।

परिजनों का कहना है कि मृतक अपनी बेटी के यहां गया होगा सोचकर उतना ध्यान नहीं दिया। बीते दो दिन से नेवसा एसव्ही पावर प्लांट के समीप सड़क किनारे आने-जाने वालों को दुर्गंध आने पर लोगों ने पास जाकर देखा तो सड़ी-गली अवस्था में लाश मिली। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम उपरांत अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया है।

ranjan photo
Admin

Spread the word