February 25, 2026

त्रिगुण तालाब मार्ग जर्जर, रास्ते में बह रहा गंदा पानी

0 लोगों का चलना हुआ मुश्किल
कोरबा। कटघोरा अंतर्गत छुरी में लगने वाले साप्ताहिक बाजार से त्रिगुण तालाब तक जाने वाले रास्ता पूरी तरह जर्जर हो गया है। रास्ते में गंदा पानी बहने से लोगों को इस मार्ग पर चलना मुश्किल हो गया है। इसे सुधारने व नया बनाने को लेकर नगर पंचायत प्रशासन व जनप्रतिनिधियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नगर के अधिकतर वार्ड के सीसी रोड को एक बार नहीं कई बार मरम्मत व उखाड़ कर नया बनाया गया, परंतु नगर में लगने वाले साप्ताहिक बाजार से त्रिगुण तालाब तक बनाए गये सीसी रोड का आज तक एक बार भी मरम्मत नहीं कराया गया। उक्त मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, वहीं रास्ते में गंदा पानी बहने से लोगों का मार्ग पर चलना दूभर हो गया है। आसपास रहने वाले लोग गंदा पानी व बदबू से काफी परेशान हैं। वार्ड के लोगों का कहना है कि सीसी रोड के मरम्मत व गंदा पानी निकासी की व्यवस्था किये जाने को लेकर वार्ड पार्षद ने भी आज तक कोई ध्यान नहीं दिया। इससे रोड की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती चली गई। वहीं बाजार में आने वाले व्यापारी बह रहे गंदा पानी के बीच दुकान लगाने को मजबूर हो रहे हैं। जर्जर हो चुके सीसी रोड के मरम्मत व बह रहे गंदा पानी को रोकने को लेकर नगर पंचायत प्रशासन व वार्ड पार्षद द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही है। वहीं त्रिगुण तालाब रास्ते के दोनों ओर धीरे-धीरे अतिक्रमण किये जाने से रास्ता सकरा हो गया है, जिसका सीमांकन किया जाता है तो रास्ते की चौड़ाई बढ़ने पर बाजार के व्यापारियों को अतिरिक्त स्थान मिल सकता है।

ranjan photo
Admin

Spread the word