October 4, 2024

भाजपा सरकार तोड़ने में विश्वास करती है और हम जनता को जोड़ने में : पायलट

0 कांग्रेस कार्यालय में छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने ली बैठक
कोरबा।
शुक्रवार रात कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत जिला कांग्रेस कार्यालय टीपी नगर पहुंचे। प्रथम प्रवास पर सचिन पायलट व अन्य सभी का स्वागत किया गया। सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर पायलट ने कहा कि 14 जनवरी को इम्फाल मणिपुर से प्रारंभ हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा ओडिशा से होते हुए 8 को फरवरी को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में प्रवेश करेगी व कोरबा में 12 फरवरी को पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक यात्रा नहीं है। यात्रा का उद्देश्य है कि जो अपनी आवाज रख नहीं पा रहे, जिनकी आवाज लोग सुन नहीं रहे, जो वंचित हैं, पीड़ित हैं, नौजवान हैं, किसान हैं, महिला, दलित, आदिवासी हैं ऐसा बहुत बड़ा तबका इस देश में है जो कई चुनौतियों से जूझ रहा है। जिन पर अत्याचार हो रहे हैं, जिनको न्याय नहीं मिल पाता, जिनमें बहुत सारे कठिनाइयों को झेलने की शक्ति नहीं है, उन लोगों की आवाज बनकर यह यात्रा निकल रही है। बीजेपी की सरकार ने इन 10 सालों में अपने वादे पूरे नहीं किये। उन्होंने कहा केंद्र कि भाजपा सरकार ईडी, आईटी और सीबीआई का दुरुपयोग कर विपक्ष के नेताओं को डराने धमकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में हारने के बाद भी कांग्रेस पार्टी काफी मजबूती से खड़ी हुई है और लोकसभा में हम सभी 11 सीट जीतेंगे। इसके लिए हम लोग रात और दिन मेहनत करेंगे। पायलट ने कहा कि इस यात्रा से भाजपा के लोग भयभीत हैं, हम इस यात्रा को लेकर देश में निकले हैं। गरीब, शोषित, दलित लोगों के बीच में जा रहे हैं, उनकी बातों को सुन रहे हैं और जनता के मूड को समझने का भी प्रयास कर रहे हैं। जनता का हमको पूरा समर्थन मिल रहा है व जहां-जहां से यात्रा निकाल रही है उस मार्ग में हजारों की संख्या में लोग घर से निकलकर आ रहे हैं। झारखंड की सोरेन सरकार को लेकर भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार तोड़ने में विश्वास करती है और हम जनता को जोड़ने में विश्वास रखते हैं। इससे पहले विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि राहुल गांधी की न्याय यात्रा को सफल बनाने के लिए हम लोग एकजुट होकर काम कर रहे हैं।
पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी का काफिला जब कोरबा जिले से निकलेगा तो कांग्रेस के कार्यकर्ता और कोरबावासी जबरदस्त तरीके से न्याय यात्रा का स्वागत करेंगे। अग्रवाल ने कहा कि भाजपा के अन्याय का बदला लोकसभा चुनाव के सभी 11 सीट को जीतकर कांग्रेस लेगी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस बहुत मजबूत पार्टी है। हम सब मिलकर कांग्रेस पार्टी को आगे बढ़ाएंगे और इसके लिए क्षेत्र की जनता हमको और कांग्रेस पार्टी को भरपूर सहयोग करेगी। राहुल गांधी के आने से कोरबा का माहौल पूरी तरह से कांग्रेसमय हो जाएगा। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नोबेल वर्मा, महापौर राजकिशोर प्रसाद, सभापति श्यामसुंदर सोनी, कांग्रेस के प्रमुख पदाधिकारी जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल, सपना चौहान, पालिकाध्यक्ष रतन मित्तल, कार्यालय महामंत्री सुरेश कुमार अग्रवाल सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल व कांग्रेस के अन्य सहयोगी संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
0 न्याय यात्रा का यह है तय रूट
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा छत्तीसगढ़ में ओडिशा से प्रवेश करेगी। यह यात्रा रायगढ़, खरसिया, कोरबा, तारा-उदयपुर अंबिकापुर और रामानुजगंज होते हुए निकलेगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और छत्तीसगढ़ प्रदेश में इस यात्रा का संचालन के लिए रूट समिति के चेयरमैन विकास उपाध्याय ने यात्रा के प्रदेश संयोजक पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल के साथ गुरुवार को इन मार्गों की समीक्षा व निरीक्षण किया है।

Spread the word