February 25, 2026

आचार संहिता के बाद पुलिस अलर्ट, जगह-जगह हो रही वाहनों की जांच

कोरबा। सजग कोरबा के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अभियान में और तेजी आई है। इसी तारतम्य में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यू.बी.एस. चौहान एवं नेहा वर्मा के पर्यवेक्षण में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी थाना-चौकी के द्वारा शहरी क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों में तथा सभी ग्रामीण थाना क्षेत्रों में चेकिंग पाइंट लगाकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश के परिपालन में थाना एवं चौकी क्षेत्र में चुनाव और होली त्योहार को देखते हुए पैदल पेट्रोलिंग किया जा रहा है। पेट्रोलिंग के दौरान असामाजिक तत्व, आम जगह पर शराब का सेवन करने वालों के विरुद्ध लगातार आबकारी एक्ट, एमवी एक्ट एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई किया जा रहा है। कोरबा पुलिस ने सरप्राइज चेकिंग के दौरान 10 प्रेशर हॉर्न और 12 गाड़ी में लगे ब्लैक फिल्म हटाने की कार्रवाई की। पुलिस नागरिकों से अपील कर रही है कि वह दोपहिया वाहनों में तीन सवारी न चलें, चेहरे पर नकाब, गमछा, रुमाल, मास्क अन्य चीजों से चेहरा छुपाकर एवं शराब पीकर वाहन न चलाएं। वैध कागजात एवं ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन न चलाएं। साथ ही हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं, क्योंकि जीवन अनमोल है। समझाइश एवं चेतावनी दिए जाने के बाद अब ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरूद्ध पुलिस के द्वारा नियमानुसार मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

ranjan photo
Admin

Spread the word