March 17, 2026

कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर धूल का गुबार, चलना हुआ मुश्किल

0 निर्माण की धीमी गति और अधूरे कार्य ने बढ़ाई परेशानी
कोरबा।
कोरबा-कुसमुंडा मुख्य मार्ग पर फोरलेन बनाने का काम अब तक पूरा नहीं हो सका है। संंबंधित ठेकेदार निर्माण कार्य को मंद गति से कर रहा है तथा बीच-बीच में निर्माण को अधूरा छोड़ दिया है। अधूरे छूटे मार्ग पर भारी वाहनों के चलने से धूल उड़ रहा है। उड़ती धूल के कारण इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही है। वे धूल धूसरित हो जा रहे है।
कई बार उड़ती धूल के कारण सामने से आ रही वाहनों पर पता भी नहीं चलता और उससे टकराने के कारण दुर्घटना भी घटित हो जाती है। फलस्वरूप जाम लगता है और मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से आवागमन भी बाधित होता है। ऐसी स्थिति शाम होने के बाद अंधेरे में कुछ ज्यादा ही निर्मित होती है। लोगों का कहना है कि शीघ्र ही इस फोरलेन मार्ग को पूरा कराने के लिए हस्तक्षेप करे और ठेकेदार को आवश्यक चेतावनी देते हुए कार्रवाई करे ताकि लोगों को फोरलेन की सुविधा मिल सके।
ज्ञात रहे इस मार्ग को काफी पहले ही पूरा हो जाना था, लेकिन अधिकारियों व ठेकेदार की लापरवाही के चलते अब तक पूरा नहीं किया जा सका है। मार्ग के अधूरा रहने के कारण यहां से आने-जाने वालों खासकर कोयलांचल वासियों को काफी परेशानियां उठानी पड़ रही है। वे जान को जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं। उन्होंने एसईसीएल प्रबंधन से रास्ते पर पानी का छिड़काव करने की मांग की है।

ranjan photo
Admin

Spread the word