March 17, 2026

अस्पताल में नवजात भर्ती, बाहर गुमटी में मां ने लगा ली फांसी

0 अस्पताल के बाहर लाश मिलने से फैली सनसनी
कोरबा।
निहारिका के समीप गुमटी में एक महिला की लाश फांसी के फंदे में मिली है। मृतका अपने पति और परिजनों के साथ थोड़ी ही दूर स्थित अस्पताल में ठहरी थी, जहां उसका दस दिन का बेटा भर्ती है। मामले की सूचना पर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
शनिवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर निहारिका टॉकीज के बाजू में स्थित गुमटी में चलने वाली बिरयानी सेंटर पर पड़ी, यहां एक महिला की लाश फांसी के फंदे में लटक रही थी। यह खबर फैलते ही लोग एकत्रित होने लगे। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से थोड़ी ही दूर एक परिवार बैठा हुआ था, जिनसे बात करने पर मृतका की पहचान उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसामुड़ा निवासी प्रियंका बिंझवार के रूप में हुई। मौके पर मौजूद उसके पति अनुज कुमार बिंझवार ने बताया कि उसकी शादी प्रियंका से करीब 4 साल पहले हुई थी। पहले संतान की मौत के बाद दूसरी बार 16 अप्रैल को प्रियंका का प्रसव हुआ था। उसके 10 दिन के बच्चे की तबियत बीते कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। उन्होंने दो दिन पहले ही अपने बच्चे को शिशु रोग विशेषज्ञ के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है जिसका उपचार चल रहा है। प्रियंका देर रात बच्चे को दूध पिलाने के नाम पर वार्ड से निकली थी, इसके बाद नहीं लौटी। वे काफी देर तक इंतजार करने के बाद प्रियंका की तलाश में निकले। इसी दौरान रात करीब 3 बजे उसे फांसी के फंदे पर लटकी प्रियंका की लाश दिखी। इसकी जानकारी उसने कोरबा में ही रोजी मजदूरी करने वाले मृतका के भाई को दी। बहरहाल इस पूरे मामले में पुलिस वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

ranjan photo
Admin

Spread the word