July 7, 2024

युवक पर तेंदुआ ने किया हमला, ग्रामीणों में दहशत

कोरबा। लोकसभा के लिए मतदान में चंद दिन ही शेष रह गए हैं। ऐसे में कटघोरा वनमंडल के जंगल में हाथी के बाद तेंदुए की आमदरफ्त ने टेंशन बढ़ा दी है। वनकर्मी क्षेत्र के मतदाताओं को सूर्योदय के बाद और सूर्यास्त से पहले मतदान कर लौटने की समझाइश दे रहे थे, ताकि हाथी के हमले से बचा जा सके, लेकिन अब तेंदुआ से भी मतदाताओं की सुरक्षा चुनौती बन गई है। जंगल में विचरण कर रहे तेंदुए ने शौच से लौट रहे ग्रामीण पर हमला किया है। अपनी जान सांसत में देख ग्रामीण तेंदुआ से भिड़ गया। द्वंद्व के बाद तेंदुआ जंगल के भीतर भाग निकला, वहीं ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल दाखिल कराया गया है।
दरअसल कटघोरा वनमंडल के पसान वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमलीकुंडा में बजरू उरांव (40) परिवार सहित निवास करता है। उसकी बहन गोकुंडा (तनेरा) में रहती है, जिसके घर शनिवार को सगाई कार्यक्रम आयोजित था। बजरू ने बताया कि वह कार्यक्रम में शामिल होने परिवार के साथ तनेरा गया था। देर रात तक खाने पीने का दौर चलता रहा, इसके बाद कार्यक्रम में आऐ मेहमान और घर के सदस्य सो गए। रविवार की तड़के बजरू की नींद खुल गई। वह शौच के लिए समीप ही जंगल की ओर चला गया। शौच के बाद जंगल से घर की ओर लौट रहा था। इसी बीच तेंदुआ ने हमला कर दिया। एकाएक हुए हमले से ग्रामीण घबरा गया। वह किसी तरह हिम्मत जुटा तेंदुए से भिड़ गया। करीब पांच मिनट तक चले द्वंद्व के बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला। इस बीच तेंदुए ने बाएं पैर को बुरी तरह नोंच लिया था। वह खून से लथपथ घर की ओर लौट रहा था, तभी परिजन भी आ गए। उन्होंने बजरू को स्थानीय के बाद पोड़ी-उपरोड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया गया, जहां से देर रात मेडिकल कॉलेज लाया गया।
गौरतलब है कि कटघोरा वनमंडल के पसान, केंदई व जटगा रेंज मेंं लंबे अर्से से हाथियों का अलग अलग झुंड विचरण कर रहा है। हाथियों का झुंड आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचकर फसलों के अलावा मकान और घर भीतर रखे अनाज को नुकसान पहुंचा रहे हैं। क्षेत्र के ग्रामीणों में पहले से ही हाथी का खौफ है। अब जब लोकसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान से ठीक पहले तेंदुआ ने दस्तक दे दिया है, ऐसे में पहले से हाथी की निगरानी में लगे वनकर्मियों की परेशानी भी बढ़ गई है। बहरहाल तेंदुए के हमले से घायल ग्रामीण का उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ट्रामा वार्ड में जारी है।

Spread the word