July 7, 2024

कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री व एमआईसी सदस्य अमरजीत सिंह ने पार्टी से दिया इस्तीफा

कोरबा। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान मंगलवार 7 मई को होना है। उसके ठीक 12 घंटा पहले कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा हैं। कांग्रेस कमेटी कोरबा के संयुक्त महामंत्री युवा और दबंग नेता अमरजीत सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि सोमवार 6 मई को अंतर्मन से दुखी हो कर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्याग पत्र दे रहा हूं। साथ ही अपने पद से इस्तीफा दे रहा हूं। उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस कमेटी कोरबा की जिला अध्यक्ष सपना चौहान को दिया है।
इस्तीफे में लिखा कि मैं अमरजीत सिंह वर्तमान में पार्षद वार्ड क्र. 59 एवं एमआईसी सदस्य नगर पालिका निगम कोरबा (छ.ग.) के पद पर कार्यरत् हूं। मैंने वर्ष 1996 से कांग्रेस के एक जिम्मेदार सदस्य के रूप में कार्य किया है। बीते 28 वर्षों में मैंने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन, यूथ कांग्रेस, कांग्रेस कमेटी एवं वर्तमान में एमआईसी सदस्य नगर पालिका कोरबा के पद पर सम्मानित जनता की नि:स्वार्थ सेवा करने का पूर्ण प्रयास किया। कांग्रेस का सच्चा सिपाही होने के बावजूद कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार में विगत कुछ वर्षों से मुझे व्यक्तिगत रूप से कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के द्वारा एवं प्रशासन के माध्यम से प्रताड़ित किया गया है। उपरोक्त कारणों से मुझे एवं मेरे साथ जुड़े सैकड़ों समर्थकों के आत्मसम्मान एवं प्रतिष्ठा को धुमिल किया गया है। अत: अंर्तमन की असहमति के कारण मैं कांग्रेस पार्टी में कार्य करने में असमर्थ हूं। मैं अमरजीत सिंह अंर्तमन से दुखी होकर कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से आज 5 मई को इस्तीफा देता हूं।
बता दें कि इसके पूर्व भी कई दिग्गज नेता कांग्रेस छोड़कर भाजपा में प्रवेश कर लिए हैं। अमरजीत के पार्टी छोड़ने से कांग्रेस को बड़ा नुकसान हो सकता है। अभी उन्होंने यह घोषणा नहीं किया है कि वे कौन सी पार्टी में शामिल होंगे।

Spread the word