नियम विरूद्ध हो रहे राखड़ परिवहन से बढ़ रहा प्रदूषण, नहीं हो रही जांच

0 सही तरीके से तिरपाल ढंके बिना दौड़ रहे राखड़ लोड वाहन
कोरबा।
जिले में एक बार फिर नियम विरुद्ध राखड़ का परिवहन शुरू हो गया है। निगरानी और कार्रवाई के अभाव में पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। बिना सही तरीके से तिरपाल ढंके राखड़ गाडियां दौड़ रही हैं।
निजी-सार्वजनिक कंपनियों के बांध से राखड़ ढोने वाली गाड़ियां लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। गाड़ियों में राख लोड करने के बाद चालक इसे तिरपाल से सही तरह से नहीं ढंकते। इससे गाड़ियों के चलने और ब्रेकर पर उछलने से राखड़ सड़क पर गिरता है जो हवा में उड़कर आसपास के क्षेत्रों में फैल रहा है और दोपहिया वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा रहा है। कोरबा शहर से रोजाना बड़ी संख्या में गाड़ियां राखड़ भरकर इधर-उधर फेंक रहीं हैं। कुछ गाड़ियां सड़क बनाने के लिए भी राखड़ को ढोकर ले जा रही है और इन्हीं गाड़ियों से सड़क पर राख उड़ रहा है।
सीएसईबी कंपनी के गोढ़ी स्थित बांध से और एनटीपीसी के बांध से गाड़ियों पर राखड़ लोड करने बाद चालक तिरपाल से सही तरह से नहीं ढंक रहे हैं। ऐसा ही हाल बालको से राखड़ लेकर चलने वाली गाड़ियों का भी है। इस कारण सड़क किनारे स्थित आसपास के क्षेत्रों में राखड़ का कुप्रभाव नजर आ रहा है। आसपास स्थित पेड़-पौधों के पत्तों पर राख की परत जम गई है। हवा चलने पर राख सांस लेने पर शरीर के भीतर घुस रही है।

ranjan photo
Admin

Spread the word