March 16, 2025

शहर सरकार और पार्षद चुनने मतदाताओं में दिखा गजब का उत्साह, नए मतदाताओं, बुजुर्गों, महिलाओं ने किया प्राथमिकता से मतदान


0 अध्यक्ष और पार्षद चुनने लोगों ने किया वोट 0 सुबह कम तो दोपहर तक मतदान केंद्रों में लगी मतदाताओं की भीड़ 0 शाम 5 बजे तक 64.044 प्रतिशत वोटिंग 0 सबसे अधिक वोटिंग छुरीकला में 84.94 प्रतिशत
कोरबा। नगरीय चुनाव को लेकर सुबह 8 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह केंद्रों में कम भीड़ रही। दोपहर तक मतदान केंद्रों में वोटिंग के लिए लंबी कतार लगनी शुरू हो गई। मतदाताओं ने महापौर, अध्यक्ष और पार्षद चुनने भारी उत्साह दिखाया। पहले 2 घंटे में वोटिंग प्रतिशत औसतन 6.73 फीसदी रहा। अगले दो घंटे में दोपहर 12 बजे तक औसत 21.31 फीसदी मतदाताओं ने वोट कर लिया था। सर्वाधिक वोटिंग छुरीकला नगर पंचायत 31.30 फीसदी हो चुकी थी।

नगर पंचायत पाली में 25.40, कटघोरा नगर पालिका 30.44, बांकीमोंगरा नगर पालिका में 27.75 व दीपका में सबसे कम 16.70 फीसदी मतदान हुआ था। नगर पालिक निगम कोरबा में भी पहले चार घंटे में वोटिंग की रफ्तार धीमी रही, दोपहर 12 बजे तक 19.90 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाल लिया था। शाम पांच बजे तक निकायों में औसत वोटिंग 64.044 प्रतिशत रहा। कोरबा में 61.26, दीपका में 59.19, कटघोरा में 81.78 , बाकी मोगरा में 72.97, छुरीकला में 84.94, पाली में 81.06 प्रतिशत मतदान हो चुका है।

कोरबा नगर निगम के चुनाव में महापौर पद के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें भाजपा से संजू देवी राजपूत और कांग्रेस से उषा तिवारी प्रमुख दावेदार हैं। अन्य प्रत्याशियों में आम आदमी पार्टी की लखनी साहू, बसपा की नंदनी साहू और कई निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। नगर निगम के 66 वार्डों में पार्षद पद के लिए कुल 277 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वार्ड क्रमांक 18 में पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। कोरबा नगर निगम में 297 मतदान केंद्रों पर 2.67 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके अलावा दीपका, कटघोरा, बाकी मोगरा, पाली और छुरीकला में भी मतदान किया जा रहा है। मंगलवार शहर में नई सरकार को चुनने का दिन रहा।

इसके लिए अलग-अलग बूथों पर वोट डाले गए। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदाता सूची में इस साल 3 लाख 53 हजार 231 लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। मतदान को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस ने 1100 से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया है।

अलग-अलग निकाय में पार्षद पद के 163 पद के लिए 573 प्रत्याशी मैदान में हैं। कोरबा शहर में महापौर का मुकाबला 11 प्रत्याशियों के बीच हो रहा है जबकि अध्यक्ष के लिए कटघोरा और दीपका परिषद में 5-5 दावेदार, बांकीमोंगरा में दो, पाली में तीन और छुरी में दो प्रत्याशी मैदान में हैं। खासबात है कि कोरबा जिले के सभी नगरीय निकाय अंतर्गत 425 पोलिंग बूथों पर लगभग 1903 महिला मतदान अधिकारी कर्मचारियों द्वारा मतदान कराया जा रहा है।

कोरबा नगर निगम अंतर्गत कुल 297 पोलिंग बूथ के लिए 1188 महिला कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है साथ ही 97 महिला कर्मचारियों को रिजर्व रखा गया है। पालिका परिषद बांकीमोंगरा के 47 मतदान केंद्रों के लिए 205 कर्मचारियों की ड्यूटी, दीपका नगरीय क्षेत्र के 30 पोलिंग बूथ के लिए 139 कर्मचारी, कटघोरा के 21 पोलिंग बूथ के लिए 117 कर्मचारी, छुरीकला के 15 मतदान केंद्र के लिए 85 कर्मचारी एवं पाली नगर पंचायत के 15 पोलिंग बूथ के लिए 72 महिला कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है।


उद्योग मंत्री ने किया परिवार के सभी सदस्यों के साथ मतदान

नगर विधायक, वाणिज्य उद्योग और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने मंगलवार की सुबह अपने वार्ड क्रमांक 18 चारपारा कोहडिय़ा में परिवार के सभी सदस्यों के साथ मतदान किया। मतदान करने के बाद अपनी अमिट स्याही दिखाते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि आज कोरबा समेत पूरे प्रदेश में हो रहें नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा का परचम लहराने जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कि सरकार ने महापौर का सीधा चुनाव न कराकर मतदाता भाई बहनों का अधिकार छीन लिया था, भाजपा ने यह महत्वपूर्ण अधिकार वापस दिलाया। आज कोरबा के सभी मतदान केंद्रों में लोगों में उत्साह दिख रहा है, महतारी वंदन योजना से प्रतिमाह मिल रहे 1000 की राशि से माताएं लाभान्वित हो रही हैं। शहर में एक साल में विकास की रफ्तार बढ़ी है। लोगों को मालूम है कि भाजपा की सरकार ही जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ विकास के कार्यों को रफ्तार देने का कार्य करती है।

कलेक्टर, आयुक्त ने किया मतदान

मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। केंद्रों में सुबह से ही लंबी कतार लगी रही। लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। केंद्रों में सुरक्षा के भी चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। कलेक्टर अजीत वसंत ने सपत्निक मतदान किया, वहीं नगर पालिका निगम आयुक्त ने भी मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी आहुति दी। कलेक्टर ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की अपील की है

पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने किया परिवार के साथ मतदान

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मंगलवार की सुबह अपने वार्ड क्र. 5 देवांगन पारा के थाना स्कूल में परिवार के साथ महापौर एवं पार्षद के लिए मतदान किया। मतदान करने के बाद अपनी अमिट स्याही दिखाते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि आज कोरबा में सभी वार्डों में मतदाताओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। सभी 67 वार्ड में महापौर और 66 वार्ड में पार्षद के लिए मतदान किया जा रहा है। वार्ड क्र. 18 में मंत्री के भाई ने कांग्रेस प्रत्याशी से नाम वापस करा कर वहां मतदाता भाईयों एवं बहनों से मतदान का अधिकार छीन लिया हैं, जिससे वार्ड 18 के मतदाताओं में आक्रोश दिख रहा है।

82 वर्षीय मनमोहन ने किया मताधिकार का प्रयोग
कोरबा शहर के ब्लू बर्ड पब्लिक स्कूल में कोसाबाड़ी निवासी 82 वर्षीय मनमोहन जैन ने अपना मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के महापर्व में अपनी अहम भूमिका निभाई साथ ही सभी नागरिकों से मतदान करने की अपील की।

EVM मशीन की खराबी से कुछ समय के लिए मतदान हुवा प्रभावित
कोरबा। मतदाता बड़े उत्साह के साथ सुबह से अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्र पहुंच रहे थे। जिले के कई जगह EVM मशीन में तकनीकी खराबी होने से वोटर्स को कुछ समय के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा, हालांकि व्यवस्था दुरुस्त होने के बाद फिर से मतदान का सिलसिला शुरू हुआ. लेकिन कोरबा जिले के दीपका नगर पालिका, वीर सावरकर भवन के अलावा कई जगह EVM मशीन में तकनीकी खराबी की सुचना मिली, आधे से एक घंटे में हर जगह की ब्यवस्था दुरुस्त कर फिर से मतदान चालू किया गया है।

मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर विवाद
कोरबा निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 20 में मतदान के बीच विवाद की स्थिति बन गई है। मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थक आमने-सामने रहे। आरोप है कि वार्ड नंबर 20 और वार्ड नंबर 18 में दोनों जगह मतदाताओं के नाम है, जहां एक दूसरे के प्रत्याशी अलग-अलग वार्डों में पुराने सूची के हिसाब से वोट डाल रहे हैं। इसे लेकर भाजपा प्रत्याशी आपत्ति जताई है, वहां ड्यूटी पर तैनात नोडल अधिकारी से भी शिकायत की गई।

कई मतदाता नहीं डाल पाए वोट
नगर निगम कोरबा क्षेत्र में बनाए गए पोलिंग बूथों में कई मतदाता वोट नहीं डाल पाए। उनका नाम बूथों के मतदाता सूची में नहीं थे, जबकि उनके नाम की पर्ची बैठे बीएलओ के द्वारा दिया भी गया था। इस तरह का मामला मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में सामने आया, जहां पहली बार वोटिंग करने गई खुशी शर्मा का नाम मतदाता सूची में तो था, लेकिन वोटिंग लिस्ट में नाम नहीं होने से वह वोट नहीं दे पाई। इस तरह के कई मतदाता वोट डालने इस वार्ड से दूसरे वार्ड भटकते रहे।

वार्ड 26 में दो पक्षों में जमकर हुआ विवाद
पंडित रविशंकर शुक्ल नगर वार्ड क्रमांक 26 में मतदान के दौरान शाम को काफी माहौल तनाव पूर्ण हो गया जब दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ और हाथापाई की नौबत तक आ गई। विवाद की स्थिति की जानकारी लगते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और माहौल शांत करा कर सुरक्षित और शांतिपूर्ण मतदान की प्रक्रिया को जारी कराया।

विवाद की स्थिति हुई निर्मित
कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी उषा तिवारी के वार्ड में बनाए गए मतदान केंद्र के बाहर उस वक्त गहमा गहमी की स्थिति निर्मित हो गई, जब प्रत्याशी केंद्र के बाहर खड़े होकर लोगों से वोट मांगते हुए नजर आए। विरोध करने के बाद मौके पर मौजूद पुलिस कर्मी हरकत में आए और प्रत्याशियों को केंद्र से दूर किया। क्षेत्र के विनस हाई स्कूल को मतदान केंद्र बनाया गया था, जहां सुबह से ही मतदाताओं के साथ ही प्रत्याशियों की सक्रियता दिखाई दी।

कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी उषा तिवारी ने किया मतदान
कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी उषा तिवारी ने शारदा विहार स्थित वीनस हाई सेकेंडरी स्कूल में वोट डाला। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर धनबल का आरोप लगाते हुए जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में लोग वोट दे और धन बल को छोडक़र एक सामान्य और सहज व्यक्ति को वोट दे।


भाजपा की महापौर प्रत्याशी संजूदेवी राजपूत ने किया मतदान

भाजपा की महापौर प्रत्याशी संजू देवी राजपूत ने परिवार के सदस्यों के साथ सिटी कोतवाली के सामने थाना स्कूल के बूथ में मतदान किया। वोटिंग से पहले उन्होंने मां सर्वमंगला मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मतदान करने के बाद राजपूत ने कहा कि कोरबा के स्वर्णिम कल के लिए मोदी की गारंटी और विष्णु के सुशासन को चुनने जा रहे हैं। अटल विश्वास पत्र पर बटन दबाने जा रहे हैं। राजपूत ने कहा कि आज सभी वार्डों से मतदाताओं के बीच मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। निश्चित तौर पर कोरबा निगम में इस बार बदलाव होने जा रहा है।

रिटर्निंग अधिकारी मनोज कुमार ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

नगर पालिक निगम कोरबा के रिटर्निंग अधिकारी मनोज कुमार द्वारा मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने एक दर्जन से अधिक अलग-अलग वार्डों में जाकर मतदान की व्यवस्था और प्रतिशत की जानकारी ली। रिटर्निंग अधिकारी कुमार ने सेक्टर अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों से मतदान गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं द्वारा किये जा रहे मतदान की स्थिति का भी जायजा लिया।

Spread the word