February 25, 2026

कोयला के मलबे में दबकर दो की मौत

खदान में घुसकर कोयला चुराने के दौरान हुई घटना


कोरबा। एसईसीएल गेवरा कोयला खदान में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। हरदीबाजार मुडापार बाजार के रहने वाले तीन युवक कोयला चोरी करने के लिए खदान में घुसे थे, जिसमें से दो युवकों की दबकर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान विशाल यादव पिता खीकराम यादव (19 वर्ष) और धन सिंह पिता फिरत राम धनवार (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक की पहचान साहिल धनवार पिता रामायण सिंह (18 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही हरदीबाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी है। एसईसीएल के पीआरओ डॉ. सनिश चंद्र ने बताया कि स्थानीय पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदीबाजार मुड़पार बाजार के रहने वाले तीन युवक कोयला चोरी करने के लिए खदान बाउंड्री एरिया में बिना अनुमति के घुसे थे। खदान की बाउंड्री में कुछ कोयला रह जाता है, यह दीवार 15-20 फीट तक ऊंची होती है। संभावित है कि इस स्थान से कोयला चोरी करते समय कोयले की परत भसक गई होगी और गिर जाने से दुर्घटना हुई हो। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि युवक बिना अनुमति सुरक्षा और माइंस सिक्युरिटी पाइंट से बचते हुए दाखिल हुए थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोयला चोरी की वारदातें आज भी थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मामले में पुलिस द्वारा आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। घटना के बाद बड़ी संख्या में गांव वाले मौके पर जमा हो गए है।


जानिए कैसे हुआ हादसा ?
दरअसल, 3 दोस्त सुबह-सुबह खदान में कोयला चोरी करने के लिए गए थे। तीनों युवक अपने साथ सब्बल और कोयला निकालने के लिए अन्य समाग्री रखे थे। वह जैसे ही कोयला निकालने के लिए खुदाई कर रहे थे। तभी गहरी खदान में ऊपर की मिट्टी धसकने लगी, जिसमें तीनों दोस्त दब गए। इस दौरान 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक का रेस्क्यू किया गया। घायल युवक साहिल को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में युवक का इलाज चल रहा है।


० घटना स्थल पहुंचे कटघोरा विधायक पटेल
हादसे की जानकारी मिलते ही कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल मौके पर पहुंचे। यहां हादसे की जानकारी ली। विधायक ने एसईसीएल प्रबंधन और पुलिस को रेस्क्यू कर शव बाहर निकालने को कहा है। वे अंत तक मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने इस घटना पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किये हैं।
० प्रबंधन ने किया अपील
गेवरा दीपका कोल खदान में कोयला चोरी के दौरान हुआ हादसा, कोयला खदानों में अवैध प्रवेश और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसईसीएल प्रबंधन ने सभी से अपील की है कि वे इस प्रकार के जोखिम भरे और गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें। और किसी भी प्रलोभन में न आएं.

मुआवजा की मांग को लेकर डटे रहे पीड़ित परिवार
0 विधायक के साथ ग्रामीण रहे मौजूद

एसईसीएल गेवरा कोयला खदान में मंगलवार की सुबह बड़ा हादसा हुआ जिसमें दो युवक की मौत हो गई। परिजन सहित क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत प्रतिनिधि मुकेश जयसवाल, इंटक अध्यक्ष श्यामू जायसवाल सहित काफी संख्या में ग्रामीण धरने पर डटे रहे। उनकी मांग थी कि दोनों युवक खत्म हुए हैं। उन्हें मुआवजा के साथ उनके परिवार के लोग को नौकरी दी जावे। वही रेस्क्यू टीम ने 7 घंटे बाद मृतक शव को बाहर निकाला। ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया था। गेट पर विरोध प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीण सड़क पर ही बैठकर धरना प्रदर्शन करते रहे और एसईसीएल के खिलाफ नारेबाजी की. चक्का जाम की स्थिति को देखते हुए। प्रबंधन ने की ओर से अजय बेयरा एरिया पर्सनल मैनेजर और जीएस प्रसाद कालरी मैनेजर ने धरने पर बैठे लोगों के साथ चर्चा की और मृतक परिवार को एक-एक लाख मुआवजा की राशि के अलावा उनके परिजनों को अस्थाई ठेका कर्मी नौकरी देने का आश्वासन दिया है।

ranjan photo
Admin

Spread the word