सर्वमंगला मंदिर में 108 पार्थिव शिवलिंगों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ अभिषेक

0 महा रुद्राभिषेक में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया भाग
कोरबा। सावन का पवित्र महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इसी क्रम में सोमवार को हसदेव नदी के तट पर स्थित माँ सर्वमंगला मंदिर परिसर में नमः आयोजन समिति के तत्वावधान में सामूहिक महा रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए, जहां 108 पार्थिव शिवलिंगों का विधिवत अभिषेक किया गया। मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजता रहा और भक्ति की गंगा प्रवाहित होती रही।

पूजन कार्यक्रम सुबह 11 बजे प्रारंभ होकर दोपहर 2 बजे तक चला। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर शिव आराधना का पुण्य प्राप्त किया। इस आयोजन में विशेष रूप से नमन पांडे, मयंक पांडे एवं कान्हा अग्रवाल की सक्रिय उपस्थिति रही, जिन्होंने आयोजन की व्यवस्था एवं संचालन में प्रमुख भूमिका निभाई। सावन माह के इस श्रद्धामय आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक ऊर्जा और भक्ति भावना का संचार किया।
