रेलवे सेकंड एंट्री मार्ग दलदल में तब्दील, राहगीरों की बढ़ी मुसीबत

बरसात में कीचड़, गर्मी में उड़ती धूल – कब सुधरेगा यह रास्ता
कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में एसईसीएल क्षेत्र से होकर रेलवे स्टेशन की सेकंड एंट्री तक जाने वाला मार्ग दलदल में तब्दील हो चुका है। बरसाती पानी और कोयला डस्ट ने इस सड़क को इतना खराब कर दिया है कि यहां से गुजरना हर दिन हजारों लोगों के लिए जोखिम भरा हो गया है।
स्थिति यह है कि पैदल चलना मुश्किल हो गया है और वाहन चलाना किसी चुनौती से कम नहीं। आए दिन लोग फिसलकर गिर जाते हैं, चोटिल हो जाते हैं और कपड़े खराब हो जाते हैं। लंबे समय से लोग इस मार्ग की मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। इस रास्ते से बड़ी संख्या में लोग एसईसीएल के बेसिक इंजीनियरिंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट और रेलवे की सेकंड एंट्री तक पहुंचते हैं। खराब सड़क के कारण उन्हें आए दिन कड़वे अनुभव झेलने पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार रेल अधिकारियों, प्रशासन, एसईसीएल प्रबंधन और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया। स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर भी बताए गए, लेकिन हर बार केवल चिंता जताई गई, ठोस कार्यवाही अब तक नहीं हो सकी। लोगों को लगने लगा है कि क्या इस सड़क का सुधार उनके लिए सिर्फ एक सपना बनकर रह जाएगा। यही हाल जिले में कोयलांचल और बालकोनगर को जोड़ने वाले रास्तों का भी है, जहां धूल और कीचड़ से नागरिक परेशान हैं। कई अवसर पर लोगों को इन समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन तक करना पड़ा। अब सवाल यही है कि आखिर कब तक लोग इन समस्याओं से जूझते रहेंगे और कब इन मार्गों की सुध ली जाएगी।