बीएलए का प्रशिक्षण आज, मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में कांग्रेस की सक्रिय तैयारी

कोरबा। छत्तीसगढ़ सहित 12 राज्यों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कोरबा विधानसभा क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (रा.) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कोरबा द्वारा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 21 के लिए मतदान केन्द्रवार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यह प्रशिक्षण सोमवार प्रातः 11 बजे से इंदिरा स्टेडियम टीपी नगर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में होगा। इस संबंध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदाता का विवरण सुनिश्चित करने के लिए गणना प्रपत्र भरवाया जाएगा। इस कार्य में किसी भी मतदाता का नाम छूटे नहीं, इसके लिए कांग्रेस संगठन ने कोरबा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 21 के सभी 244 मतदान केन्द्रों के लिए बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए हैं। श्री यादव ने बताया कि सभी बीएलए को समय पर प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचना आवश्यक है, ताकि वे निर्वाचन आयोग द्वारा दी जाने वाली आवश्यक जानकारी व दिशा-निर्देश प्राप्त कर सकें। प्रशिक्षण के उपरांत ये बीएलए बूथ स्तर पर मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।