पुरेनाखार में शिक्षकों की कमी से प्रभावित हो रही पढ़ाई, जनप्रतिनिधि जाएंगे रायपुर मुख्यमंत्री से मिलने

छुरीकला। विकासखंड कटघोरा के अंतर्गत ग्राम पुरेनाखार में स्थित शासकीय हाईस्कूल में शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि शिक्षा विभाग की लापरवाही और मनमानी के चलते विद्यालयों की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है।
ग्राम पुरेनाखार में संचालित हाईस्कूल में पिछले दो वर्षों से अंग्रेजी विषय का कोई शिक्षक नियमित रूप से उपस्थित नहीं है। विद्यालय में पदस्थ अंग्रेजी व्याख्याता सुनीता जैन 23 अगस्त से चिकित्सा अवकाश पर हैं, जबकि सरिता सिंह 6 अगस्त से छुट्टी पर हैं। वहीं विज्ञान शिक्षिका अनीता द्विवेदी के प्रमोशन के बाद अन्यत्र स्थानांतरण होने से विद्यालय में विषय शिक्षकों की भारी कमी हो गई है। विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि शिक्षकों के लगातार अवकाश पर रहने से हाईस्कूल और मिडिल स्कूल, जो एक ही परिसर में संचालित हैं, दोनों के छात्रों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। जनपद सदस्य शारदालता जीवन यादव ने बताया कि इस समस्या की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को कई बार लिखित रूप में दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्राम के जनप्रतिनिधियों में गहरा असंतोष व्याप्त है। पूर्व सांसद प्रतिनिधि जीवन यादव ने बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी दो वर्षों से बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक को अनुचित रूप से अन्य ब्लॉक के छात्रावास में अटैच कर दिया गया है, जबकि इसका कोई प्रावधान नहीं है। ग्राम के सरपंच रामेश्वरी बाई मंझवार, पंच, जनपद अध्यक्ष झूल बाई और जनपद सदस्य शारदालता जीवन यादव ने बताया कि अब वे रायपुर जाकर मुख्यमंत्री से भेंट करेंगे और ग्राम के शिक्षा स्तर को सुधारने तथा शिक्षक विहीन विद्यालयों में तत्काल नियुक्ति की मांग करेंगे।