February 25, 2026

सीएसआर पहल से मजबूत हुआ स्वास्थ्य ढांचा, अदाणी फाउंडेशन ने सीएचसी पताड़ी को दिए आवश्यक उपकरण


कोरबा। अदाणी फाउंडेशन ने कोरबा पावर लिमिटेड के सीएसआर कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पताड़ी में बुनियादी सुविधाओं के उन्नयन और दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरणों के वितरण का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाना और जरूरतमंद व दिव्यांगजन को सीधे सहायता प्रदान करना है।


कार्यक्रम के दौरान अदाणी फाउंडेशन ने अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए एयर कंडीशनर, डीप फ्रीज़र, टेलीविज़न, रोगी बेड, लॉकर, वेटिंग चेयर और कूलर जैसे अत्यावश्यक उपकरण सौंपे। वहीं दिव्यांगजनों के लिए ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, वॉकर और बैसाखी जैसे सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिससे उनके दैनिक जीवन में सहूलियत और गतिशीलता में सुधार आएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीएमएचओ कोरबा डॉ. एस.एन. केसरी, बीएमओ दीपक राज तथा केपीएल के परियोजना प्रमुख ए. राजागुरु द्वारा किया गया। इस अवसर पर सरपंच प्रधान सिंह ठाकुर, जिला पंचायत प्रतिनिधि सुष्मिता कमलेश अनंत, जनपद सदस्य अनिल खूँटे, सीएचसी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजनी कटकवार एवं डॉ. रंजीता कंवर, प्रोग्राम मैनेजर व्यास नारायण कोसले तथा पीएचसी बर्रीडीह की हेमीन सूर्यवंशी उपस्थित थे। केपीएल की ओर से महाप्रबंधक अखिलेश सिंह, नितिन पाटील, भू-विभाग प्रमुख विकास ठाकुर, कॉर्पोरेट

मामलों के प्रमुख अतुल गुप्ता व कृष्णा कटकवार तथा गांव के पंच, बुजुर्गजन एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की। अपने संबोधन में डॉ. एस.एन. केसरी ने कहा अदाणी फाउंडेशन की यह पहल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय कदम है। इन उपकरणों से मरीजों को बेहतर उपचार वातावरण मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी होंगी। वहीं केपीएल के भू-विभाग प्रमुख विकास ठाकुर ने बताया कि अदाणी फाउंडेशन के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका संवर्धन एवं अधोसंरचना विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। समूह द्वारा ग्राम पताड़ी, खोद्दल, सरगबुंदिया सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल के लिए एआरओ वाटर प्लांट, सीमेंट सड़क निर्माण एवं कई अन्य विकास गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। अदाणी फाउंडेशन की यह पहल ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा को नई ऊर्जा प्रदान करने वाली साबित होगी।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word