February 25, 2026

रेलवे स्टेशन में अव्यवस्था, प्री-पेड सुविधा ठप, यात्री असहाय


कोरबा
। रेलवे स्टेशन में यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू किया गया प्री-पेड बूथ अब बंद पड़ गया है। रेलवे, नगर निगम और यातायात विभाग के संयुक्त प्रयास से शुरू की गई यह सेवा शुरुआती दिनों में ही ठप हो गई। वर्तमान में बूथ पर ताला लगा हुआ है, जिससे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को निर्धारित किराए की सुविधा से वंचित होना पड़ रहा है।
बूथ की बंद व्यवस्था का सीधा फायदा ऑटो चालकों को मिल रहा है। तय दूरी के अनुसार किराया लेने के बजाय वे मनमाने दाम वसूल रहे हैं। बालकोनगर, कुसमुंडा, गेवरा, दीपका, दर्री, जमनीपाली और रजगामार तक ले जाने के लिए ऑटो चालक 250 से 300 रुपये तक मांग रहे हैं, जबकि बांकीमोंगरा और कटघोरा जैसे क्षेत्रों में और भी अधिक किराया लिया जा रहा है। रात के समय तो स्थिति और खराब हो जाती है, जब हसदेव एक्सप्रेस, पैसेंजर, यशवंतपुर और त्रिवेंद्रम सुपरफास्ट जैसी ट्रेनों के यात्रियों से दुगना भाड़ा लिया जाता है। नगर निगम द्वारा 42 स्थानों के लिए किराया सूची तय की गई थी और ऑटो नंबर व टिकट की ऑटोमेटिक व्यवस्था की बात कही गई थी, लेकिन टिकट जनरेट होने की प्रणाली कभी शुरू ही नहीं हो सकी।
0 सिटी बस सेवा भी बंद
पहले रेलवे स्टेशन पर सिटी बसों का नियमित संचालन होता था, जिससे कम किराए में यात्री विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंच जाते थे। लेकिन अब सिटी बस सेवा भी पूरी तरह बंद है, जिससे ऑटो ही एकमात्र विकल्प बचा है वह भी महंगे किराए के साथ। यात्रियों ने जिला प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर प्री-पेड बूथ को पुनः शुरू करने की मांग की है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word