March 25, 2026

एसईसीएल वेलफेयर बोर्ड का दीपका क्षेत्र का निरीक्षण, बहुमंजिला आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा


कोरबा। एसईसीएल कंपनी वेलफेयर बोर्ड ने दीपका क्षेत्र का दौरा कर कर्मचारियों के आवास, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। टीम ने कंपनी द्वारा कर्मचारियों की आवासीय समस्या दूर करने हेतु निर्माणाधीन बहुमंजिला टावरनुमा मकानों की प्रगति की समीक्षा की और गुणवत्तापूर्ण कार्य के साथ निर्धारित समयावधि में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। वेलफेयर बोर्ड के सदस्यों ने निर्माणाधीन भवनों में उपलब्ध कराई जा रही सभी सुविधाओं की जानकारी ली। प्रबंधन का कहना है कि बहुमंजिला आवास परियोजना पूर्ण होने से दीपका क्षेत्र में कर्मचारियों की आवासीय समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। बोर्ड सदस्यों ने भी उम्मीद जताई कि नए आवासों के तैयार होने से कर्मचारियों की रहने की व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।
निरीक्षण के दौरान टीम ने छठ तालाब, दीपका अष्टभुजी मंदिर और प्रगति नगर कॉलोनी का भी अवलोकन किया। साफ-सफाई व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे और बेहतर बनाने के सुझाव दिए। बोर्ड सदस्यों ने विभागीय क्लीनिक का भी निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं को उन्नत करने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रगति हाउस में आयोजित बैठक में 2024-25 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। वेलफेयर बोर्ड ने क्षेत्रीय कल्याण समिति के सदस्यों से इलाके की समस्याओं, मांगों और कल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी ली। इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रबंधन द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। वेलफेयर बोर्ड ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों के हित में आवश्यक सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word