March 25, 2026

उतरदा स्वामी आत्मानंद विद्यालय में कैरियर गाइडेंस कार्यशाला, विशेषज्ञों ने दिए सफलता के मंत्र


उतरदा। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय उतरदा में कैरियर गाइडेंस कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं तथा भविष्य की दिशा तय करने संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता विद्यालय के पूर्व छात्र एवं वर्तमान में लाद कोरबा के प्राचार्य जे.एल. जगत रहे।
जे.एल. जगत ने विद्यार्थियों को पीएससी, आईएएस, आईपीएस, सिविल जज, मेडिकल एवं इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अभी से लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और अनुशासन का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि संघर्षों के दौरान कई बार परिस्थितियाँ और लोग हताश करने की कोशिश करते हैं, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण से ही सफलता मिलती है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि किसी आर्थिक रूप से कमजोर छात्र का मेडिकल या इंजीनियरिंग में चयन होता है, तो उनकी टीम ऐसे विद्यार्थियों की पूरी सहायता करेगी।
संस्था के प्राचार्य जी.पी. लहरे ने विद्यार्थियों को प्रेरक उदाहरण देते हुए कहा कि लक्ष्य हमेशा ऊँचा और स्पष्ट होना चाहिए। गिद्ध के धैर्य और दृष्टि का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि विद्यार्थी किसी के बहकावे में आए बिना अपने मार्ग पर अडिग रहें।
वक्ता राकेश टंडन ने समय प्रबंधन के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास और योजनाबद्ध अध्ययन सफलता की कुंजी है। अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा “हमें वह चीज नहीं मिलती जो हमें चाहिए होता है, बल्कि वही मिलती है जो हमें अत्यंत आवश्यक होती है। इसके लिए 100 प्रतिशत समर्पण जरूरी है।
विद्यालय में आयोजित यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी और मार्गदर्शक सिद्ध हुई

1210
Ranjan Prasad

Spread the word