March 25, 2026

खुशबू जनरल स्टोर में चोरी, 25 हजार नकदी पार


0 चोरों ने दुकान में पी दूध, खाया चिप्स
हरदीबाजार। रेकी अंबेडकर चौक के पास स्थित खुशबू जनरल स्टोर में मंगलवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दुकान की सीट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे लगभग 25,000 रुपए लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने दुकान के अंदर ही अमूल दूध के दो पैकेट पी लिए और एक चिप्स पैकेट फाड़कर खाया, जिसके निशान मौके पर मिले।


बुधवार सुबह रोज की तरह दुकान पहुंचने पर दुकान संचालक दीनबंधु पटेल (28 वर्ष) पिता धरमूलाल पटेल निवासी हरदीबाजार ने टूटे हुए सीट को देखा तथा अंदर जाकर गल्ला चेक किया तो नकदी गायब मिली। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना हरदीबाजार थाना में दी। घटना स्थल रेकी अंबेडकर चौक मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद चोरी होना क्षेत्र में बदमाशों के बढ़ते हौसले को दर्शाता है। करीब दो माह पूर्व इसी क्षेत्र में किशन ट्रेडर्स हार्डवेयर में सेंधमारी हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि चोर बेखौफ होते जा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि छोटे व्यापारी की दुकान में हुई इस चोरी का पर्दाफाश पुलिस कब तक करती है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word