March 25, 2026

पॉकेट वाली स्वेटर, गहरे रंग के कपड़े व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित0 जल संसाधन विभाग की अमीन भर्ती परीक्षा में कड़ी नकल-रोधी व्यवस्था

कोरबा। जल संसाधन विभाग की अमीन भर्ती परीक्षा के लिए इस बार व्यापमं ने अभूतपूर्व सख्ती बरतते हुए नकलरोधी व सुरक्षा व्यवस्थाओं को और कड़ा कर दिया है। आगामी 7 दिसंबर को होने वाली इस परीक्षा में परीक्षार्थी केवल साधारण, बिना पॉकेट वाली हल्के रंग की स्वेटर ही पहन सकेंगे। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, महरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। लड़के व लड़कियाँ किसी भी प्रकार की जैकेट, ओवरकोट नहीं पहन सकेंगे। प्रवेश के दौरान सभी परीक्षार्थियों को स्वेटर उतारकर जांच करानी होगी और जांच के बाद ही उसे पुनः पहनने की अनुमति मिलेगी।

0 परीक्षा कक्ष में पूरी तरह प्रतिबंध

मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्मार्ट/इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी इन सभी वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा। परीक्षार्थी केवल काला या नीला बॉलपॉइंट पेन साथ ले जा सकेंगे। धार्मिक या सांस्कृतिक वेश-भूषा में आने वाले परीक्षार्थियों को सामान्य से पहले रिपोर्टिंग करनी होगी। माला, ताबीज आदि पहनने वालों को या तो उन्हें उतारना होगा या पहले पहुँचकर जांच टीम को दिखाना होगा, जिसके बाद ही अनुमति दी जाएगी। फुटवियर में केवल चप्पल की अनुमति होगी। जूते पहनकर आने वालों को उसे बाहर उतारना पड़ेगा। इसके अलावा कानों में किसी भी प्रकार के आभूषण पर भी रोक रहेगी।

0 लेट होने पर प्रवेश नहीं
व्यापमं ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुँचें, ताकि सत्यापन प्रक्रिया में देरी न हो। मुख्य द्वार परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा कक्ष में कागज का एक छोटा टुकड़ा भी मिलने पर उसे सीधे नकल प्रकरण माना जाएगा और तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पहचान के लिए केवल मूल आईडी मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार कार्ड ही मान्य होंगे। उनकी फोटोकॉपी स्वीकार नहीं होगी। यदि प्रवेश पत्र पर फोटो प्रिंट नहीं है, तो परीक्षार्थी को दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word