February 4, 2026

कॉफी प्वाइंट मार्ग पर 12 हाथियों का दल, वन विभाग ने जारी की सतर्कता सलाह


बालको नगर। वनमंडल कोरबा के बालको रेंज अंतर्गत केशलपुर और कॉफी प्वाइंट मार्ग पर इन दिनों 12 हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी से मुख्य मार्ग से आवागमन करने वाले ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं वन विभाग ने क्षेत्र में पिकनिक मनाने जाने वाले लोगों को भी सावधानी बरतने की अपील की है।
सूत्रों के अनुसार कोरबा वन परिक्षेत्र के रजगामार सर्किल में घूम रहा 12 हाथियों का दल अब बालको रेंज के केशलपुर पहुंच गया है। हालांकि अभी तक इस क्षेत्र में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन हाथियों के व्यवहार को देखते हुए विभाग स्थिति को गंभीर मान रहा है। वन अमले द्वारा केशलपुर, कॉफी प्वाइंट तथा आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों से जंगल वाले हिस्सों से दूरी बनाए रखने और रात्रि के समय अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की गई है। इसके साथ ही कटघोरा वनमंडल के एतमानगर रेंज अंतर्गत पचरा सर्किल में 43 हाथियों का विशाल दल अब भी सक्रिय है।
0 28 हाथियों ने सक्ती का रुख किया
करतला रेंज के ग्राम बांधापाली, सेंद्रीपाली, नोनबिर्रा और पीडिया में धान की फसल को नुकसान पहुंचाने के बाद 28 हाथियों का दल अब सक्ती वन परिक्षेत्र की ओर बढ़ गया है। हाथियों के इस दल को दमऊधारा जंगल में विचरण करते देखा गया है। स्थिति को देखते हुए संबंधित वन अमला अलर्ट मोड पर है और लगातार निगरानी की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों की बढ़ती गतिविधि से वन विभाग और ग्रामीण दोनों सतर्क हैं। विभाग ने लोगों से जंगल वाली सड़कों का उपयोग सावधानी से करने और हाथियों के निकट जाने से बचने की अपील की है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word