February 4, 2026

रामसागर पारा में पार्षद और बीएलओ कर रहे घर-घर संपर्क


कोरबा। नगर निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक- 1 रामसागर पारा में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत पात्र नागरिकों से फॉर्म भरवाने और जमा कराने की प्रक्रिया लगातार जारी है। वार्ड पार्षद युगल केवट तथा बी.एल.ओ. रहीजा रविंद्र घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन हेतु आवश्यक प्रपत्र भरवा रहे हैं।
इस मौके पर पार्षद युगल केवट ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक का मत अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए यह सुनिश्चित करने का प्रयास है कि वार्ड का कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने सभी निवासियों से आग्रह किया कि वे अपने दस्तावेजों के साथ सहयोग करें, ताकि उनका नाम सही ढंग से अंकित हो सके। बी.एल.ओ. रहीजा रविंद्र ने बताया कि अभियान के तहत सभी वार्डवासियों का फॉर्म नियमानुसार भरा जा रहा है। आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर सभी प्रपत्रों को समय पर निर्वाचन कार्यालय में जमा कराया जाएगा। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पार्षद और बी.एल.ओ. द्वारा किए जा रहे घर-घर संपर्क अभियान से उन्हें फॉर्म भरने और मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं को समझने में काफी सुविधा मिल रही है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word