बिजली हाफ योजना का दायरा बढ़ा, 200 यूनिट तक उपभोक्ताओं को मिलेगा पूरा लाभ

0 जिले के आधे से ज्यादा उपभोक्ता होंगे लाभान्वित
कोरबा। राज्य सरकार ने संशोधित बिजली हाफ योजना में बड़ा निर्णय लेते हुए इसका दायरा बढ़ा दिया है। अब 200 यूनिट तक बिजली खपत पर उपभोक्ताओं को योजना का पूरा लाभ मिलेगा। यह व्यवस्था 1 दिसंबर से प्रभावी होगी। इस फैसले से जिले के हजारों घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है। जिले में करीब 1.50 लाख से अधिक घरेलू बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें शहरी क्षेत्र के लगभग 82 हजार और ग्रामीण क्षेत्र के 72 हजार उपभोक्ता शामिल हैं। इनमें से 50 फीसदी से ज्यादा घरेलू उपभोक्ता 200 यूनिट तक की खपत की श्रेणी में आते हैं, जिन्हें अब बिजली बिल में उल्लेखनीय राहत मिलेगी। वर्तमान में केवल 30 से 35 फीसदी उपभोक्ताओं को ही योजना का लाभ मिल रहा था। पहले 100 यूनिट तक की खपत पर हाफ योजना का लाभ मिलता था, जिससे उपभोक्ताओं को 270 से 300 रुपए तक की बचत हो रही थी। संशोधित प्रावधानों के तहत 100 से 200 यूनिट तक बिजली खपत पर भी बिल में पूरा हाफ योजना का लाभ मिलेगा। वहीं 200 से 400 यूनिट तक की खपत वाले उपभोक्ताओं को भी अधिकतम 700 रुपए तक की संभावित बचत का अनुमान है। स्थानीय बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शासन की घोषणा के संदर्भ में जल्द ही सर्कुलर जारी होने की संभावना है। आदेश प्राप्त होने के बाद नए सिरे से बिल निर्धारण करते हुए उपभोक्ताओं को योजना के लाभ प्रदान किए जाएंगे। बिजली हाफ योजना का दायरा बढ़ने से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, लेकिन वर्तमान में बिजली बिलों में वृद्धि को लेकर शिकायतों की संख्या भी कम नहीं है। पहले योजना में छूट की सीमा सीमित करने से उपभोक्ताओं को दिक्कत हुई थी। साथ ही बिजली दरों में बढ़ोतरी और हाल ही में अक्टूबर माह के बिलों में सुरक्षा निधि की राशि जोड़कर आने से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ बढ़ा है। फिर भी, सरकार के इस संशोधित निर्णय से आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिलना तय माना जा रहा है।