February 4, 2026

स्टॉप डेम के तटबंध में आई दरार, प्लांट में घुसा पानी


0 कर्मचारियों में मचा हड़कंप, कार्य हुआ प्रभावित
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के दर्री स्थित एचटीपीएस संयंत्र के पीछे स्थित स्टॉप डेम के तटबंध में दरार आ गई। जिससे पानी का प्रवाह संयंत्र की ओर मुड़ गया। भारी बहाव के साथ पानी संयंत्र में घुस गया, जिससे संयंत्र में काम कर रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। किसी तरह वे जान बचाकर मौके से भागे। मिनी हाइडल प्लांट में पानी घुस जाने से कामकाज प्रभावित हो गया। घटना की सूचना पर उत्पादन कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद शुरू की गई। बताया जा रहा है कि विद्युत संयंत्र के पीछे स्टॉप डेम है, जिसके पानी का इस्तेमाल बिजली उत्पादन के लिए किया जाता है। उसी स्टॉप डेम के तटबंध में अचानक दरार आ गई थी। जिसके कारण यह घटना हुई। उत्पादन कंपनी के अधिकारी हालात पर काबू पाने में डटे हुए हैं। दूसरी ओर संयंत्र के मार्ग से होकर जाने वाले कॉलोनी के रास्ते को कई स्थानों से ब्लॉक किया गया है। बहरहाल घटना को लेकर संयंत्र प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। तटबंध में आई दरार को लापरवाही का कारण माना जा रहा है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word