February 25, 2026

जर्जर सड़क सुधार की मांग, किया गया प्रदर्शन


0 जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
कोरबा। कांग्रेस अधूरी और जर्जर सड़कों को लेकर लगातार आंदोलन कर रही है। एक के बाद एक अलग-अलग स्थानों पर नियमित आंदोलन कांग्रेस की ओर से किया जा रहा है। गुरुवार को रिसदी से रजगामार और गोढ़ी की तरफ जाने वाले रास्ते पर कांग्रेसियों ने आंदोलन किया। शासन, प्रशासन से सड़कों की दशा को सुधारने की मांग की। यह भी कहा कि सड़कों की हालत नहीं सुधरी तो सड़क जाम किया जाएगा।
गुरुवार को सड़क की बुनियादी सुविधा की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने धरना प्रदर्शन किया। नाराज लोग घंटों सड़क किनारे बैठकर जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि जिले के ज्यादातर इलाकों में सड़के जर्जर हालत में हैं। फिर चाहे वह कोरबा-चांपा मार्ग हो, गोपालपुर से कटघोरा या फिर बांकीमोंगरा और बलगी की तरफ जाने वाला रास्ता हो सभी की हालत जर्जर है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बताया कि कुसमुंडा क्षेत्र की सड़कें भी लंबे समय से अधूरी पड़ी हैं। जिससे लोग खासे परेशान हैं। पिछले चार-पांच सालों से यहां सड़कों की यही हालत है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भरा रहता है। जिससे लोग कीचड़ से परेशान है। अब जब बरसात का मौसम जा चुका है, तो 24 घंटे यहां से धूल उड़ती है। बच्चों की सेहत पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है जिससे वे बेहद परेशान हैं। लोगों ने कहा कि हम आम लोग हैं, कहां शिकायत की जाए किससे बात की जाए हमें यह भी नहीं पता। जिम्मेदार लोगों को चाहिए कि सड़क की स्थिति सुधरे जिससे कि कम से कम हमें अच्छी सड़क का लाभ मिल सके।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word