दीपका खदान भूमि अधिग्रहण में अनियमितताओं की जांच तेज

0 मालगांव–हरदीबाजार में सीबीआई की विशेष पड़ताल
कोरबा। एसईसीएल की मेगा परियोजना दीपका खदान क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण अनियमितताओं को लेकर सीबीआई की जांच तेज हो गई है। ग्राम मालगांव की शिकायतों के आधार पर सीबीआई की टीम पिछले कई दिनों से मौके पर रहकर महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन छानबीन कर रही है। जांच के दायरे में अब हरदीबाजार क्षेत्र भी शामिल हो गया है, जहां अधिग्रहण प्रक्रिया जारी है।
सूत्रों के अनुसार टीम भूमि रिकॉर्ड, मुआवजा फाइलें, नापजोख, वित्तीय अनुमोदन और मूल दस्तावेजों की विस्तार से जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिग्रहण प्रक्रिया में मुआवजा और पारदर्शिता को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। अब जांच एजेंसी की मौजूदगी से उन्हें न्याय की उम्मीद मिली है।
जिला प्रशासन की पूर्व जांच में फर्जी मुआवजा तैयार करने की पुष्टि हुई थी। एक जुलाई 2025 को जारी प्रेस नोट में बताया गया था कि जांच में 152 ऐसे मकान मिले जो अस्तित्व में नहीं थे, फिर भी उन्हें मुआवजा पात्र बनाया गया था। इसके बाद तत्कालीन एसडीएम ने मुआवजा वितरण रोकने के निर्देश दिए थे। बताया जा रहा है कि सीबीआई की पड़ताल लगातार जारी है और आने वाले दिनों में जांच का दायरा और बढ़ सकता है। टीम जल्द ही दोबारा दीपका क्षेत्र का दौरा कर सकती है।