February 25, 2026

एचटीपीएस पश्चिम के 11 गांवों के विद्यार्थियों का सिपेट की मदद से दो दिवसीय सेमिनार एवं कॅरियर काउंसिलिंग का आयोजन


कोरबा। हसदेव ताप विद्युत गृह कोरबा पश्चिम द्वारा नई परियोजना विद्युत संयंत्र के आसपास स्थित 11 गांवों के विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय सेमिनार एवं कॅरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम केंद्रीय पेट्रो रसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट) के सहयोग से शासकीय हाईस्कूल, गोपालपुर में सम्पन्न हुआ। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी, औद्योगिक पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के तहत आसपास के क्षेत्रों में शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। इसी क्रम में प्रशिक्षण विभाग के संयोजन से आयोजित इस कार्यक्रम का मार्गदर्शन अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता ने किया। सिपेट के प्रशिक्षकों रजनीश पांडेय, संजय बदुक एवं महेश तुडु ने हाईस्कूल के 90 विद्यार्थियों को कक्षा 11वीं के विषय

चयन से लेकर स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी तक की शैक्षणिक संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, लक्ष्य-निर्धारण, तैयारी की रणनीति तथा व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया। एनटीपीसी के उप-महाप्रबंधक प्रशांत कुमार नंदी ने यूपीएससी, सीजीपीएससी एवं कौशल विकास से संबंधित उपयोगी जानकारियाँ साझा कीं। कार्यक्रम में शासकीय हाईस्कूल गोपालपुर की व्याख्याता पी. बंजारे, अधीक्षण अभियंता सुमित सिंह, एवं कार्यपालन अभियंता मनोज मिश्रा की उपस्थिति रही। इस पहल से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रेरणा मिली तथा करियर निर्माण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त हुए।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word