एचटीपीएस पश्चिम द्वारा विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय सेमिनार एवं कॅरियर काउंसिलिंग

कोरबा। हसदेव ताप विद्युत गृह पश्चिम की ओर से प्रस्तावित नई परियोजना 2×660 मेगावाट विद्युत संयंत्र के समीपस्थ गांवों के विद्यार्थियों के लिए केंद्रीय पेट्रो रसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट) के सहयोग से दो दिवसीय सेमिनार एवं कॅरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड द्वारा कॉरपोरेट पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के अंतर्गत आयोजित किया गया। कंपनी द्वारा एचटीपीएस कोरबा पश्चिम के आसपास स्थित 11 गांवों में सीईआर गतिविधियों का विस्तार करते हुए शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जा रहा है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छुरीकला में 12 एवं 13 जनवरी को आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में पंडरीपानी, लोतलोता, बिरवट एवं छिरहुट गांवों के स्कूली विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य अभियंता एच.के. सिंह के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त मुख्य अभियंता तकनीकी एवं सहायक सेवाएं एम.के. गुप्ता के निर्देशन में प्रशिक्षण विभाग द्वारा किया गया।
सिपेट के प्रशिक्षक रजनीश पांडेय ने विद्यालय के लगभग 40 विद्यार्थियों को 11वीं कक्षा के लिए विषय चयन, स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, लक्ष्य निर्धारण, तैयारी की रणनीति एवं व्यक्तित्व विकास पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छुरीकला की प्राचार्या वी. एक्का अधीक्षण अभियंता, सुमित सिंह कार्यपालन अभियंता, मनोज मिश्रा सहित नई परियोजना से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।