स्थापना दिवस पर साईं बाबा की भव्य पूजा, गांधी चौक में गूंजे भजन-कीर्तन

कोरबा। श्री साईं बाबा सेवा समिति, गांधी चौक के स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर गांधी चौक प्रांगण में साईं बाबा की पालकी विराजित कर विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न कराई गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत साईं बाबा, हनुमान जी एवं गणपति की पूजा के पश्चात बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके उपरांत गांधी चौक परिसर साईं बाबा के भजनों से गूंज उठा। महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन एवं सुंदरकांड पाठ किया गया, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। इस अवसर पर अंचल के प्रसिद्ध भजन गायक बसंत वैष्णव एवं ग्रुप, मो. अनीस, कृष्णा चौहान एवं संतोष साहू ने साईं बाबा के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी, जिसे श्रद्धालुओं ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान भोग प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में साईं भक्त महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रमुख रूप से ब्रजेश अग्रवाल, केशर सिंह राजपूत, खुशाल चौहान, सन्नी सिंह राजपूत, राजेश संतरा, अशोक मखवानी, नान्हे जायसवाल, अमोद सागर, सत्यम आनंद, निखिल चौहान, अखिल चौहान, संतोष दास, अंकित आदिले, देवेंद्र दास महंत, व्योम राजपूत, सुनील मांझी, मयंक वैष्णव, नवीन, सोनू बरेठ, रवि चौहान, आयुष चौहान, पंकज सोनी, गोलू चौहान सहित समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन साईं बाबा की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धा, सौहार्द और भक्ति भाव के वातावरण में हुआ।
