February 4, 2026

एनटीपीसी में एसआईआर अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


कोरबा।
एनटीपीसी कोरबा के संयंत्र परिसर स्थित समय कार्यालय के समीप 24 जनवरी 2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना एवं कर्मचारियों व श्रमिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा दिनेश कुमार नाग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सोम ठाकुर, सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह तथा महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण शत्रुघ्न बेहरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाप्रबंधक शत्रुघ्न बेहरा ने एसआईआर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मतदाता सूची का नियमित अद्यतन लोकतंत्र को सशक्त बनाता है। उन्होंने संयंत्र के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों से निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने एसआईआर के अंतर्गत नाम जोड़ने, संशोधन, विलोपन एवं अन्य प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा उपस्थितजनों से अपने नाम एवं विवरणों की जांच कर आवश्यक सुधार करने का आग्रह किया। मुख्य अतिथि दिनेश कुमार नाग ने मतदान के महत्व पर अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक के मत से जुड़ी है। उन्होंने पहली बार मतदाता बने युवाओं को बैज लगाकर सम्मानित किया तथा उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में एनटीपीसी कोरबा के सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं संविदा श्रमिक उपस्थित रहे।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word