February 27, 2026

नगर निगम में तत्काल हो अनुकम्पा नियुक्ति: फूलचंद सोनवानी

कोरबा 18 सितंबर। नगर पालिक निगम कोरबा में सेवाएं देते हुए अंतिम सांस लेने वाले अठारह कर्मचारियों के परिजन पिछले सात वर्षों से अनुकम्पा नियुक्ति की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। इस सिलसिले में मेयर इन काउंसिल मेम्बर फूलचंद सोनवानी जरूर सजग नजर आते हैं, जिन्होंने अनुकम्पा नियुक्ति की तरफदारी की है।

नगर निगम के वार्ड-30 के पार्षद एम.आई.सी.मेम्बर और गरीबी उपशमन एवं सामाजिक कल्याण विभाग के सदस्य फूलचंद सोनवानी ने वर्ष 2014 से 2020 के मध्य निगम में सेवा देते हुए दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों की व्यथा को समझा है। उन्होंने कोरबा विधायक और प्रदेश के राजस्व मंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि दिवंगत कर्मचारी के आश्रितों को तत्काल अनुकम्पा नियुक्ति का प्रावधान है। नगर निगम के गाईड लाईन में भी इसका उल्लेख है। लेकिन संबंधित विभाग पद रिक्त नहीं होने की बात कहकर आश्रितों को वर्षों से चक्कर काटने मजबूर कर रहा है। उन्होंने सभी आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति देने की मांग की है।

इस संबंध में महापौर राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि एम.आई.सी.मेम्बर फूलचंद सोनवानी ने उनकी जानकारी में यह बात लायी है और वे दिवंगत कर्मियों के आश्रितों की अनुकम्पा नियुक्ति को लेकर सकारात्मक कार्रवाई करेंगे।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word