March 21, 2026

कटघोरा : वरिष्ठ कांग्रेस नेता दारा सिंह मरकाम का कोरोना से निधन

कोरबा 19 सितंबर। कटघोरा नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 6 निवासी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दारासिंह मरकाम का 55 वर्ष की आयु में दु:खद निधन हो गया। उन्हें कल दोपहर गम्भीर हालत में कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
वे पूर्व से ही डायबीटीज के मरीज़ थे व उनकी कोरोना रिपोर्ट पाजीटिव आई थी। कोविड अस्पताल में भर्ती के साथ ही उन्हें सीधे आई॰सी॰यू॰ वार्ड में भर्ती कर वेंटीलेटर पर रखा गया था। आज शाम लगभग पाँच बजे उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कोविड अस्पताल प्रबंधन ने मौत की सूचना जिला प्रशासन और CMHO को दे दी है। जिला प्रशासन की निगरानी में शव का अंतिम संस्कार कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए कल किया जाएगा।

दारासिंह मरकाम का कोरबा जिले की राजनीति में खासा स्थान रहा है। वर्ष 1993 में वे तानाखार विधानसभा से चुनाव भी लड़े थे। जिला पंचायत सदस्य रहने के साथ ही कांग्रेस के विभिन्न दायित्वों सहित प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य का भी निर्वहन कर चुके हैं। कटघोरा बार एसोसिएशन के भी अध्यक्ष थे। दारा सिंह के निधन की खबर से कांग्रेसजनों में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word