March 6, 2026

सांसदों के बुरे व्यवहार से आहत राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश रखेंगे एक दिन का उपवास….

नई दिल्ली 22 सितम्बर। राज्यसभा में उपसभापति हरिवंश से विपक्षी सांसदों द्वारा किए गए अपमानजनक व्यवहार को लेकर 8 सांसदों को सभापति वेंकैया नायडू ने निलंबित कर दिया। निलंबित होने के बाद आठों सांसद सोमवार रातभर गांधी प्रतिमा के सामने धरने पर बैठे रहे। सुबह हुई तो डिप्‍टी चेयरमैन हरिवंश धरना दे रहे सांसदों से चाय लेकर मिलने पहुंच गए। लेकिन विपक्षी सांसदों ने उनकी चाय पीने से मना कर दिया। वहीं राज्यसभा में विपक्षी सांसदों के व्यवहार से आहत हुए हरिवंश ने इस पूरे मामले को लेकर उपराष्‍ट्रपति व राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू को पत्र लिखा है। उन्‍होंने पत्र में कहा है कि 20 सितंबर को राज्‍यसभा में जो कुछ भी हुआ, उससे मैं पिछले दो दिनों से आत्‍मपीड़ा, तनाव और मानसिक वेदना में हूं। मैं पूरी रात सो नहीं पाया।अपने पत्र में हरिवंश ने लिखा है, ‘भगवान बुद्ध मेरे जीवन के प्रेरणास्रोत रहे हैं। बिहार की धरती पर ही आत्‍मज्ञान पाने वाले बुद्ध ने कहा था- आत्‍मदीपो भव:. मुझे लगा कि उच्‍च सदन के मर्यादित पीठ पर मेरे साथ जो अपमानजनक व्‍यवहार हुआ, उसके लिए मुझे एक दिन का उपवास करना चाहिए। शायद मेरे इस उपवास से सदन में इस तरह का आचरण करने वाले माननीय सदस्‍यों के अंदर आत्‍मशुद्धि का भाव जागृत हो जाए।’

1210
Ranjan Prasad

Spread the word