गौमुखी सेवा धाम देवपहरी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

कोरबा। गौमुखी सेवा धाम देवपहरी में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। संस्था के प्रथम अध्यक्ष श्रेष्ठ सिंह ठाकुर, द्वितीय अध्यक्ष डॉ. ध्रुव बैनर्जी एवं वर्तमान अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके बाद भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर अतिथियों का स्वागत किया गया।


कार्यक्रम में देवपहरी सरपंच हीराबाई राठिया, प्रकल्प प्रमुख डॉ. देवाशीष मिश्रा एवं वरिष्ठ सदस्य प्रेमदास महंत का सम्मान किया गया। एकलव्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवपहरी के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। संस्था के कोषाध्यक्ष डॉ. राजीव गुप्ता ने गौमुखी सेवा धाम में संचालित विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक एवं मां सिद्धिदात्री मंदिर के पुजारी रामाश्रय पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर समिति सचिव योगेश जैन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
