देशभक्ति की तिरंगा यात्रा में उल्टे ध्वज ने खड़े किए सवाल

कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व बालको क्षेत्र में निकाली गई तिरंगा यात्रा में राष्ट्रीय ध्वज के उल्टे नजर आने का मामला चर्चा में आ गया है। भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गई इस यात्रा की अगुवाई नगर पालिक निगम के पार्षद एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने की। उनके साथ बालको मंडल अध्यक्ष डिलेंद्र यादव, वरिष्ठ नेत्री मंजू सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बालको क्षेत्र की गलियों और मोहल्लों से निकली यात्रा में भारत माता के जयकारे लगाए गए। इसी दौरान यात्रा में सबसे आगे चल रहे हितानंद अग्रवाल के हाथ में मौजूद तिरंगा उल्टा दिखाई दिया। उनके पीछे चल रहे कुछ कार्यकर्ताओं के हाथों में भी ध्वज उल्टे नजर आए। पूरी यात्रा के दौरान किसी का ध्यान इस ओर नहीं गया।
यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किए गए, लेकिन बाद में इन्हें हटाए जाने की चर्चा है। राष्ट्रीय ध्वज के उल्टे प्रदर्शन को लेकर अब क्षेत्र में सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि देश की आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे को लेकर आयोजित यात्रा में ध्वज की दिशा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए था। मामले को लेकर अब संगठन के स्तर पर क्या रुख अपनाया जाता है, इसे लेकर भी चर्चा बनी हुई है।