March 25, 2026

उग्र सांड के आतंक से दहशत में रहा पॉश कॉलोनी का इलाका, 12 लोग घायल गौ सेवकों ने काबू कर दिलाई राहत


कोरबा। शहर की पॉश कॉलोनी एमपी नगर में एक उग्र सांड ने लोगों को घरों में नजरबंद रहने पर मजबूर कर दिया। रेबिज संक्रमण से ग्रसित यह सांड राहगीरों, वाहन चालकों और घर से बाहर निकलने वालों पर हमला कर रहा था। भय का आलम यह था कि कॉलोनीवासी बच्चों को स्कूल भेजने तक से डर रहे थे।जानकारी के अनुसार सांड को कुछ दिनों पहले एक कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद वह रेबिज संक्रमित होकर उग्र हो गया। बीते दिनों में सांड के हमले से 12 वाहन चालक घायल हो चुके थे। कॉलोनीवासियों ने इसकी सूचना निगम और वन विभाग को भी दी, लेकिन स्थिति पर काबू नहीं पाया जा सका। स्थिति बिगड़ने पर छत्तीसगढ़ हेल्प वेल्फेयर सोसायटी के गौसेवकों को बुलाया गया। वे आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सांड को काबू में लिया। इसके बाद उसे वाहन से सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। सांड के हटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
0 लोगों की मांग- प्रशासन तत्काल ले संज्ञान
कॉलोनीवासियों का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इनमें कई श्वान रेबिज संक्रमित भी पाए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों पर हमले और बीमारी का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने निगम और प्रशासन से शहर में प्रभावी नियंत्रण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word