March 17, 2026

तू महाराष्ट्र में कैसे घूमती हैं, मैं देखता हूं

◆ महिला सांसद ने लगाया शिवसेना सांसद पर घमकी देने का आरोप

◆ मामले की लोकसभा स्पीकर से शिकायत

नई दिल्ली 23 मार्च: महाराष्ट्र के अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत रवि राणा ने सांसद अरविंद सावंत पर आरोप लगाया कि शिवसेना सांसद ने उन्हें लोकसभा की लॉबी में कहा, ‘तू महाराष्ट्र में कैसे घूमती है, मैं देखता हूं।’ सांसद ने कहा कि उन्हें इससे पहले भी शिवसेना द्वारा धमकी मिल चुकी है। इस बारे में नवनीत राणा ने लोकसभा स्पीकर से शिकायत की है और अरविंद सांवत पर कार्रवाई करने की मांग की है।

मामले में जवाब देते हुए शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि सांसद नवनीत राणा द्वारा लगाए गए आरोप सरासर झूठ हैं। सांसद ने कहा, ‘अगर किसी ने देखा हो कि मैंने नवनीत राणा को धमकाया हो तो बता सकते हैं।’ सांसद ने कहा कि सांसद नवनीत राणा की बॉडी लैंग्वेज ठीक नहीं रहती है और वह मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के प्रति सही शब्दों का इस्तेमाल नहीं करती हैं।’

गौरतलब है कि महाराष्ट्र के अमरावती से सांसद नवनीत राणा ने संसद में सचिन वाजे मामले में जांच की मांग की। राणा ने कहा कि आखिर किस आधार पर सचिन वाजे को फिर से पुलिस सेवा में बहाल किया गया? देवेंद्र फडणवीस से उद्धव ठाकरे ने कहा था कि सचिन वाजे को पुलिस सेवा में बहाल किया जाए लेकिन उस समय पर फडणवीस सरकार ने इंकार कर दिया था।

बता दे कि आज संसद में बीजेपी सांसदों ने महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की मांग भी की। गौरतलब है कि मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर पर पुलिस वालों को वसूली करने के लिए कहने के आरोप लगाए हैं।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word