February 25, 2026

अब जनता नहीं पार्षद चुनेंगे महापौर ?

न्यूज एक्शन।(रायपुर ) प्रदेश में महापौर, नगर पालिका, नगर पंचायत अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया बदलने की तैयारी है। वर्तमान में इन पदों पर सीधे चुनाव होते हैं। नई व्यवस्था में अब केवल पार्षदों के चुनाव होंगे। महापौर और अध्यक्ष का चुनाव पार्षद अपने बहुमत के आधार पर करेंगे। सूत्रों की मानें तो ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को शहरी क्षेत्रों से करारी हार मिली थी। ऐसे में डर है कि नगरीय निकाय चुनाव में भी पार्टी को झटका लग सकता है। अगर पार्षद अपना नेता चुनते हैं तो कांग्रेस को लाभ मिलेगा। संख्या बल कम हुआ तो प्रदेश में सरकार होने का लाभ भी उठाया जा सकता है। पार्टी ने अंदरखाने इस परिवर्तन को लेकर संगठन के बड़े पदाधिकारियों से रायशुमारी करनी शुरू कर दी है। जल्द ही मामले में कोई चौंकाने वाला निर्णय आने की संभावना जताई जा रही है।नगरीय निकाय चुनाव अक्टूबर, नवंबर में होना प्रस्तावित है। प्रदेश में सत्ताधारी कांग्रेस और प्रमुख विपक्षी दल भाजपा ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। बहरहाल चुनाव में कुछ बदलाव होंगे या फिर पुराना तरीका ही अपनाया जाएगा यह आगामी कुछ दिनों में स्पष्ट हो जाएगा ।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word