March 18, 2026

चुनाव आया, मंदिरों में मत्था टेकने का दौर हुआ आरम्भ

भोपाल 12 अक्टूबर : त्यौहार और चुनाव का मौसम आते ही नेताओं की दौड़ मंदिर तक पहुँच ही जाती है। चाहे मुख्यमंत्री हो या कार्यकर्ता हर कोई भगवान के आगे नतमस्तक नजर आता है।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ तक मंदिर से लेकर आश्रमों तक दौड़ लगा रहे हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मंदिर दौड़ में पीछे नहीं हैं। शर्मा ने पार्टी के चुनाव प्रचार का आगाज ही बाबा महाकाल के दर्शन के साथ किया था। अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पन्ना में धार्मिक दौरा करेंगे। दूसरी तरफ पीसीसी चीफ कमलनाथ के चुनाव प्रचार का आगाज भी खंडवा में एक आश्रम से होगा।

सीएम का धार्मिक दौरा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उपचुनाव के बीच धार्मिक दौरा करेंगे। उनका दौरा 20 अक्टूबर को पन्ना में होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पन्ना में प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी जाएंगे। सीएम का बलदाऊ जू, किशोर जू, राम जानकी जू, जगन्नाथ स्वामी जू के दर्शन करने का कार्यक्रम है। इसके साथ ही वो प्राणनाथ मंदिर पहुंचकर शरद पूर्णिमा महोत्सव में भी शामिल होंगे।

कमलनाथ का दौरा

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी 12 अक्टूबर से चुनाव प्रचार का आगाज कर रहे हैं। वो 12 तारीख को खंडवा से अपने चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे। चुनाव प्रचार के आगाज से पहले वो खंडवा में दादाजी धूनी वाले बाबा के आश्रम में दर्शन करेंगे। उसके बाद उनका प्रबुद्धजनों से चर्चा करने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक का कार्यक्रम है।

कहां-कहां है उप-चुनाव ?

मध्यप्रदेश में एक लोकसभा खंडवा और तीन विधानसभा रैगांव, जोबट, पृथ्वीपुर सीट पर उपचुनाव होना है। तय कार्यक्रम के मुताबिक 30 अक्टूबर को मतदान होगा जबकि 2 नवंबर को चुनाव के नतीजे आएंगे। बीजेपी और कांग्रेस दोनों पार्टियां इस उपचुनाव में अपना पूरा दम लगा रही हैं।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word