February 26, 2026

पाकिस्तानी आतंकी एके-47 और हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक पाकिस्तानी आतंकी को एके-47 और हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया है। इस आतंकी को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI ने भारत पर हमले के लिए तैयार किया था।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बताया, सोमवार रात 9 बजकर 20 मिनट पर मोहम्मद अशरफ उर्फ अली नाम के एक पाकिस्तानी शख्स को दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया। मोहम्मद अशरफ पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के नरोवल जिले का रहने वाला है।

मोहम्मद अशरफ भारतीय नागरिक बनकर रह रहा था। इसके लिए उसने मोहम्मद नूरी नाम से अपना फर्जी नाम भी रख लिया था और फर्जी आईडी कार्ड भी बनवा लिया था। वो दिल्ली के शास्त्री नगर में आराम पार्क इलाके में एक घर में रह रहा था। भारतीय आईडी कार्ड बनाने के लिए उसने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था।

स्पेशल सेल ने उसके पास से एक हैंडबैग, दो मोबाइल फोन बरामद किए। उसके बाद आरोपी की निशानदेही पर कालिंदी कुंज में यमुना घाट के पास से एक एक्स्ट्रा मैगजीन के साथ एक AK-47, एक हैंड ग्रैनेड, 50 राउंड की दो पिस्टल भी बरामद की गई है। दिल्ली के तुर्कमान इलाके में उसके ठिकाने से एक भारतीय पासपोर्ट भी जब्त किया गया है।

आरोपी मोहम्मद अशरफ उर्फ अली के खिलाफ यूएपीए, एक्सप्लोसिव एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। उसके लक्ष्मी नगर के रमेश पार्क स्थित ठिकाने पर भी तलाशी ली गई है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों से पता चला है कि ये आतंकी दिल्ली में एक बड़े आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए आया था। इसे आईएसआई ने हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी थी। उसके बाद नेपाल के रास्ते से भारत में दाखिल कराया गया था।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word