March 17, 2026

एसईसीएल गेवरा प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा

कोरबा 14 दिसंबर। एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में प्रबंधन और आउटसोर्सिंग कंपनियां स्थानीय बेरोजगारों की अनदेखी कर रही है। इसको लेकर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष व कांग्रेस नेता अजय जायसवाल ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सुबह 10.30 बजे बड़ी संख्या में अजय जायसवाल के नेतृत्व में भिलाईबाजार, रलिया, धतुरा, सलोरा व आसपास अन्य गांव के बेरोजगार युवा गेवरा के सीजीएम दफ्तर में पहुंच गए।
उन्होंने यहां कार्यालय का घेराव कर मेनगेट बंद करा दिया। इसके साथ ही सीजीएम दफ्तर के अंदर जाने के रास्ते गेट पर बैठ गए। नाराज लोगों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सीजीएम जब दफ्तर पहुंचे तो अंदर न जा सकें, इसलिए यहां लोग सुबह कार्यालय खुलने के समय ही पहुंच गए थे। अलग.अलग गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचे बेरोजगार घंटों तक यहां सीजीएम के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन सीजीएम कार्यालय ही नहीं आए।
इस दौरान अजय जायसवाल ने स्थानीय बेरोजगारों की अनदेखी को लेकर कार्यालय में उपस्थित अफसरों को जमकर खरी.खोटी भी सुनाई। मुख्य महाप्रबंधक के नहीं आने पर जीएम ऑपरेशन व तहसीलदार की उपस्थिति में मांगों को लेकर चर्चा हुई। इसमें प्रबंधन ने निराकरण के लिए 10 दिनों का समय मांगा। इसके बाद आंदोलनकारी शांत हुए।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word