October 5, 2024

प्रधानमंत्री आवासः स्वीकृति किसी के नाम, लाभ किसी और को मिला

धोखाधड़ी की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग

कोरबा 2 जनवरी। विकासखण्ड कोरबा के ग्राम पंचायत सोलवां में प्रधानमंत्री आवास की हेराफेरी का मामला सामने आया है। इस मामले की शिकायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोरबा सहित उच्चाधिकारियों से की गयी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सोलवां में वर्ष 2016-17 में जवाहिरलाल पिता सुन्दर सिंह के नाम पर प्रधानमंत्री आवास स्वीकृति किया गया था। लेकिन आवास मित्र द्वारा इस बात की जानकारी हितग्राही को नहीं दी गयी। हितग्राही से किसी प्रकार का दस्तावेज भी नहीं लिया गया। यही नहीं जवाहिर लाल के नाम से स्वीकृति पूरी राशि एक अन्य हितग्राही के खाते में भेज दिया गया और आवास निर्माण करा दिया गया।

प्राप्त विवरण के अनुसार उक्त आवास की राशि 01 लाख 20 हजार जवाहिर लाल पिता सुन्दर सिंह के स्थान जवाहरलाल पिता सुरित सिंह के खाते में जमा करा दी गयी और आवास बनवा दिया गया। हितग्राही जवाहिरलाल पिता सुन्दर सिंह ने तत्कालीन आवास मित्र चन्द्रशेखर पर हेराफे री और धोखाधड़ी कर अन्य व्यक्ति को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया है। प्रार्थी का कहना है, कि आवास मित्र द्वारा की गयी धोखाधड़ी के कारण वह प्रधानमंत्री आवास से वंचित हो गया है। वास्तविक हितग्राही ने तत्कालीन आवास मित्र और हितग्राही के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई किये जाने की मांग की है।

Spread the word