July 4, 2024

FIH Hockey Pro League : दमदार और अनुभवी है टीम इंडिया, लहराएगी जीत का परचम

नईदिल्ली 5 फरवरी। ‘एफ आई एच प्रो हॉकी लीग’ के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम जोहान्सबर्ग के लिए रवाना हो चुकी है। पहले सत्र में भाग लेने के लिए केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से टीम शुक्रवार सुबह जोहान्सबर्ग, दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना हुई। भारतीय टीम दोहा होते हुए जोहान्सबर्ग पहुंचेगी। बताना चाहेंगे हॉकी इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका में मेजबान टीम और फ्रांस के खिलाफ होने वाले एफआईएच प्रो लीग मुकाबलों के लिए कैप्टन मनप्रीत सिंह की अगुआई में 20 सदस्यीय भारतीय सीनियर पुरुष हॉकी टीम बनाई है।

*8 से 13 फरवरी तक चैंपियनशिप*

यह चैंपियनशिप 8 फरवरी से 13 फरवरी तक साउथ अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में होगी। इन मुकाबलों के लिए हरमनप्रीत सिंह को भारतीय टीम का उप कप्तान बनाया गया है। अनुभवी खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम में तोक्यो ओलंपिक में एतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली टीम के खिलाड़ियों को जगह मिली है।

*अनुभवी टीम चुनने का प्रयास*

चैंपियनशिप में बेहतर करने के लिए हॉकी इंडिया ने अनुभवी टीम चुनने का प्रयास किया है जो एफआईएच हॉकी प्रो लीग के इस सत्र की बेहतर शुरुआत करने का शानदार मौका दे सकती है।  शुरुआती मुकाबलों में भारतीय टीम को विश्व स्तरीय विरोधियों से भिड़ना है। इस मौके का इस्तेमाल दो नए खिलाड़ियों के पदार्पण के साथ किया जा रहा है जिसमें डिफेंडर/मिडफील्डर जुगराज सिंह और अभिषेक होंगे। जुगराज सिंह भारत के ड्रैग फ्लिक विकल्पों में इजाफा करेंगे तो वहीं अभिषेक मजबूत और तेज स्ट्राइकर हैं जिन्हें गोल करना पसंद है। पंजाब के अमृतसर के अटारी के रहने वाले जुगराज को जनवरी 2022 में पहली बार सीनियर राष्ट्रीय शिविर में जगह मिली थी। उन्होंने पहली हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष अंतर विभागीय राष्ट्रीय चैंपियनशिप में सेना खेल नियंत्रण बोर्ड (एसएससीबी) की ओर से खेलते हुए प्रभावित किया था। वहीं अभिषेक भारत के जूनियर कार्यक्रम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने 2017 और 2018 में सुल्तान आफ जोहर कप में भारतीय की जूनियर टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। जुगराज की तरह हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले अभिषेक ने भी पंजाब नेशनल बैंक की ओर से अच्छा प्रदर्शन करते हुए पहली बार सीनियर राष्ट्रीय शिविर में जगह बनाई थी।

*टीम बहुत उत्साहित*

टीम बहुत उत्साहित है और सकारात्मक नोट पर एफआईएच प्रो लीग अभियान को शुरू करने के लिए उत्सुक भी है। हालांकि चैंपियनशिप में हिस्सा लेने से पहले टीम को एक मामूली झटका लगा है। दरअसल, भारतीय टीम के दो खिलाड़ियों को बीमारी के कारण बदल दिया गया। भारत के फॉरवर्ड ललित कुमार उपाध्याय और जसकरण सिंह दक्षिण अफ्रीका के लिए टीम में शामिल नहीं होंगे। इनकी जगह स्टैंडबाय सुमित मिडफील्ड में जसकरण की जगह लेंगे और गुरसाहिबजीत सिंह ललित की जगह लेंगे।

*भारत और फ्रांस के बीच मुकाबला*

इस दौरान 8 फरवरी को भारत अपना पहला मैच फ्रांस के साथ खेलने के लिए मैदान पर उतरेगा, जबकि अगले दिन दक्षिण अफ्रीका से भिड़ंत होगी। टीम 12 फरवरी को दोबारा फ्रांस से भिड़ेगी जबकि अगले दिन मेजबान टीम का सामना करेगा।

*किस समय खेले जाएंगे मैच*

ये सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार रात साढ़े नौ बजे से खेले जाएंगे।

*भारतीय टीम के खिलाड़ी…*

गोलकीपर : पीआर श्रीजेश और कृष्ण बहादुर पाठक।

डिफेंडर : हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, सुरेंदर कुमार, वरूण कुमार, जरमनप्रीत सिंह और जुगराज सिंह

मिडफील्डर : मनप्रीत सिंह, निलाकांत शर्मा, हार्दिक सिंह, सुमित, शमशेर सिंह और विवेक सागर प्रसाद

स्ट्राइकर : मनदीप सिंह, गुरसाहिबजीत सिंह, आकाशदीप सिंह, शिलानंद लाकड़ा, दिलप्रीत सिंह और अभिषेक.

Spread the word