September 19, 2024

केंद्रीय बजट से आधुनिक खेती को मिलेगा बढ़ावाः भूपेंद्र सवन्नी

कोरबा 13 फरवरी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री व हाउसिंग बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी का कहना है कि केंद्रीय बजट से सभी वर्गों का विकास होगा। आधुनिक खेती को बढ़ावा मिलेगा। छत्तीसगढ़ को भी पिछले साल से 8 करोड़ रुपए की राशि अधिक मिली है। नई रेल लाइन का सर्वे और पुरानी योजनाओं के लिए राशि मिलने से रेलवे की कनेक्टिविटी बढ़ेगी।

प्रदेश महामंत्री शनिवार को तिलक भवन में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कटघोरा डोंगरगढ़ नई रेल लाइन बिछाने राशि मिली है। धरमजयगढ़ कोरबा रेलवे लाइन का काम भी तेजी से होगा। इस तरह पूरे छत्तीसगढ़ में 17 रेल परियोजनाएं चल रही हैं। 8 नई रेल लाइन के सर्वे से वनांचल क्षेत्रों में भी रेल लाइन का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल यूनिवर्सिटी से शिक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी। स्वास्थ्य की क्षेत्र में भी काम हो रहा है। इस बार 70 प्रतिशत बजट में वृद्धि की गई है। खाद की सब्सिडी 33 प्रतिशत वृद्धि करने से किसानों को फायदा होगा। आगे एमएसपी के लिए भी बजट में प्रावधान किया है। रसोई गैस में चार हजार करोड़ रुपए की सब्सिडी दी जा रही है। शहरी जनता के लिए भी आवाज में सब्सिडी का प्रावधान है। मनरेगा में 10 प्रतिशत मजदूरी की वृद्धि की गई है। इससे लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि आपदाओं के बीच भी आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था का अवसर इस बजट में दिखता है। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष लखन लाल देवांगन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विकास महतो, जिलाध्यक्ष डॉ राजीव सिंह, अशोक चावलानी समेत भाजपाई उपस्थित थे।

Spread the word