September 19, 2024

जंगली सुअर ने दो लोगों को किया जख्मी

कोरबा 7 मई। जिले के मड़वामहुआ इलाके में आज सुबह जंगली सुअर ने हमला करते हुए दो लोगों को जख्मी कर दिया। दो मौकों पर उसने इस घटना को अंजाम दिया। पीड़ितों ने किसी तरह खुद को बचाया। डॉयल 112 को सूचना मिलने के बाद उसने पीड़ितों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।   

जानकारी के अनुसार आज सुबह 5 बजे के आसपास कटघोरा परिक्षेत्र के मड़वामहुआ जंगल में यह घटना हुई। संबंधित क्षेत्र दर्री इलाके में आता है। आसपास के लोग तेंदूपत्ता तोडऩे के लिए यहां पहुंचा करते हैं। आज भी उनके शेड्यूल में यह सब शामिल था। जनजाति परिवार से वास्ता रखने वाली बोट बाई और एक पुरुष सदस्य तेंदूपत्ता तोडऩे के लिए गए हुए थे। कुछ और लोग नजदीक में ही काम कर रहे थे। लगभग एक घंटे बाद यहां एकाएक जंगली सुअर की दस्तक हुई। संग्राहक कुछ समझ पाते इससे पहले ही उसने पीछे से आकर हमला कर दिया। महिला की चीख सुनकर नजदीक में मौजूद दूसरा व्यक्ति हरकत में आया लेकिन उस पर भी जंगली सुअर का हमला हुआ। परिवार की सदस्य रमजा बाई ने बताया कि एक मौके पर जानवर को भगा दिया गया था। कुछ देर बाद उसने दोबारा पहुंच बनाई और फिर से हमला किया। हिम्मत से काम लेते हुए पीड़ितों ने जंगल में पड़ी मोटी लकड़ी का इस्तेमाल करते हुए सुअर को टारगेट किया। वार उल्टा पड़ते देख जानवर को यहां से भगना पड़ा। बताया गया कि हमले की जानकारी गांव के कुछ लोगों को मिली थी जो इसी इलाके में तेंदूपत्ता तोड़ रहे थे। उन्हें डॉयल 112 को जानकारी दी। कुछ देर के बाद वाहन यहां पहुंचा और इसके माध्यम से पीड़ितों को कोरबा के जिला अस्पताल भिजवाया गया।

Spread the word