September 17, 2024

कार की चपेट में आकर दो बच्चों की मौत, नाराज लोगों ने किया चक्काजाम

कोरबा 27 मई। नेशनल हाईवे 49 बी पर आज सुबह हुए हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई। एक कार ने उन्हें अपनी चपेट में लिया। घटना को अंजाम देकर कार चालक फरार हो गया। नाराज लोगों ने इस मामले को लेकर कोरबा-चांपा मार्ग पर कुछ देर के लिए चक्काजाम किया। आनन-फानन में पुलिस और प्रशासन की टीम यहां पहुंची। मृतकों के परिजनों को राहत राशि देने के साथ स्थिति सामान्य की गई।   

जानकारी के अनुसार संवरियापारा महुदा के रहने वाले जनजातीय परिवार के मनोज गोंड़ और राजू गोंड़ आज सुबह आम तोड़ने के लिए पास के इलाके में आए हुए थे। यह क्षेत्र हाईवे से लगा हुआ है। इसी दौरान एक कार ने उच्चभट्ठी क्षेत्र में बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही उनका करुणांत हो गया। घटना स्थल से 6 किलोमीटर आगे कोरबा जिले की सीमा में कार को छोड़कर चालक फरार हो गया। नाराज लोगों ने इसी स्थान पर प्रदर्शन किया। सड़क पर लोगों के इक्कठे होने से कोरबा और चांपा की तरफ  आने-जाने वाले वाहनों के पहिए थम गए। सूचना मिलने पर उरगा पुलिस की टीम यहां पहुंची। प्रशासन को भी इस बारे में अवगत कराया गया। तहसील स्तर के अधिकारी ने उपस्थिति दर्ज कराने के साथ इस बारे में जानकारी दी। राजस्व प्रावधानों के अंतर्गत दोनों मृतक के परिजनों को शुरुआती सहायता राशि उपलब्ध कराई गई। आश्वस्त किया गया कि अगली प्रक्रियाओं के बाद क्षतिपूर्ति का भुगतान किया जाएगा। इस मामले में कार चालक के खिलाफ  279, 304, का मामला बनाया गया है। सड़क हादसों के मामलों में विराम नहीं लग पा रहा है। यह सब तब हो रहा है जबकि यातायात जागरुकता के लिए दावे हो रहे हैं और काम करने की बात कही जा रही है। सकारात्मक नतीजे कैसे आएंगे, इसका अतापता नहीं है।

Spread the word